बांग्लादेश में शेख हसीना का राजनीतिक अध्याय समाप्त?
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए फरवरी 2026 में होने वाले संसदीय चुनावों में भाग लेने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अवामी लीग पर लगाया गया प्रतिबंध बरकरार रहेगा।
बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि सरकार की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है और अवामी लीग को चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखने के फैसले में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। 1971 में बांग्लादेश की आज़ादी के बाद यह पहला मौका होगा, जब देश की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक पार्टी को चुनाव से बाहर कर दिया गया है।
अमेरिकी दबाव के बावजूद सरकार अडिग
यह फैसला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका के पांच स...










