Sunday, July 19

This slideshow requires JavaScript.

शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं लोकमान्य तिलक जयंती पर पांच विभूतियों का होगा ‘आजाद-तिलक अलंकरण’ से सम्मान

इंदौर। भारत के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती एवं महान स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 170वीं जयंती के अवसर पर 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को इंदौर में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवा, शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शहर की पांच विशिष्ट विभूतियों को ‘आजाद-तिलक अलंकरण’ से सम्मानित किया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

नेताजी सुभाष मंच, श्री गीता रामेश्वरम् ट्रस्ट एवं अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे इंडियन कॉफी हाउस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर, रीगल चौराहा, इंदौर में संपन्न होगा।

आयोजन की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल करेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया जाएगा।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए नेताजी सुभाष मंच के प्रदेश अध्यक्ष मदन परमालिया एवं श्री गीता रामेश्वरम् ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद सत्यनारायण पटेल ने बताया कि इस वर्ष ‘आजाद-तिलक अलंकरण’ से पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हॉकी कोच अशोक यादव, शिक्षाविद ओमप्रकाश धीमान, समाजसेवी राजेंद्र सोनी, समाजसेविका सीमा सेन तथा समाजसेवी हुकम यादव शामिल हैं।

आयोजकों ने बताया कि इन सभी विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाजसेवा, शिक्षा, खेल एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके समर्पण और सेवा भावना को सम्मानित करने के उद्देश्य से उन्हें इस प्रतिष्ठित अलंकरण से विभूषित किया जाएगा।

कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।

Leave a Reply