Wednesday, July 15

This slideshow requires JavaScript.

जल गंगा संवर्धन अभियान बना जनआंदोलन, प्रदेश में 5,970 जल संरक्षण कार्य हुए पूरे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अभियान की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका भेंट की

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की परिकल्पना को साकार करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। अभियान के तीसरे चरण में प्रदेश के गांव-गांव और नगर-नगर में जनसहभागिता से व्यापक स्तर पर जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए गए।

This slideshow requires JavaScript.

मंगलवार को मंत्रालय में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अभियान की उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों पर आधारित पुस्तिका भेंट की। मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता पर मंत्री श्री सिलावट एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जल संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है।

इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा भी उपस्थित रहे।

जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि प्रदेश में यह अभियान लगातार तीसरे वर्ष सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के दौरान वर्षा ऋतु से पहले जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण, जीर्णोद्धार एवं आवश्यक मरम्मत कर उन्हें अधिक जल संग्रहण के लिए तैयार किया गया।

अभियान के तहत विभाग द्वारा जलाशयों एवं नहरों की सफाई, सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण हटाना, तालाबों की पिचिंग, घाटों की मरम्मत, स्टॉप डैम, बैराज एवं वियर की मरम्मत, पौधरोपण, फेंसिंग तथा जलाशयों में रिसाव रोकने सहित अनेक कार्य किए गए।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत कुल 5,970 कार्य पूर्ण किए गए, जिनमें प्रदेश के सभी 9 कछारों में 531 लघु सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। अभियान ने जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


31 जुलाई तक कराएं खरीफ फसल का बीमा, प्राकृतिक आपदाओं से मिलेगी आर्थिक सुरक्षा

जबलपुर। किसान कल्याण विभाग ने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2026) के अंतर्गत अपनी अधिसूचित फसल का बीमा 31 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से करा लें।

विभाग के अनुसार इस वर्ष अल-नीनो (El Niño) के संभावित प्रभाव के कारण अनियमित वर्षा, सूखा, अतिवृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए फसल सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।

फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा प्रदान करती है। किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए निकटतम बैंक शाखा, ग्राहक सेवा केंद्र, अधिकृत बीमा कंपनी, फसल बीमा पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से समय रहते बीमा कराने की अपील की गई है।


आईएफएमआईएस संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 16-17 जुलाई को विशेष शिविर

जबलपुर। आईएफएमआईएस (IFMIS) सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए 16 एवं 17 जुलाई को जिला कोषालय, जबलपुर में ‘आईएफएमआईएस केयर थीम’ के अंतर्गत विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।

जिला कोषालय अधिकारी साकेत जैन ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर के उपयोग में आने वाली समस्याओं का विवरण निर्धारित प्रारूप में 15 जुलाई तक जिला कोषालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर के दौरान उनका त्वरित समाधान किया जा सके।


हिट एंड रन दुर्घटना पीड़ितों को राहत, छह मामलों में 10.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत

जबलपुर। जबलपुर जिला प्रशासन ने ‘हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना-2022’ के तहत अज्ञात वाहन दुर्घटनाओं के छह मामलों में कुल 10 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।

स्वीकृत राशि में पांच मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा एक घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

घायल मनीष शर्मा को 50 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं मृतकों के आश्रितों में श्रीमती अंजनी विश्वकर्मा, मानसी चतरे, काजल देव, दीक्षा परोहा तथा मुन्नालाल यादव को योजना के तहत दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि यह योजना सड़क दुर्घटनाओं में अज्ञात वाहनों के कारण प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे पीड़ित परिवारों को कठिन समय में राहत मिल सके।

Leave a Reply