Monday, June 15

This slideshow requires JavaScript.

इंदौर में 15 दिवसीय निःशुल्क महिला उद्यमिता प्रमाणपत्र कार्यशाला का आयोजन

प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को गृह उद्योग एवं हस्तशिल्प निर्माण से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा

इंदौर। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से इंदौर में 15 दिवसीय निःशुल्क महिला उद्यमिता प्रमाणपत्र कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला का नेतृत्व निव्रह फाउंडेशन के सामाजिक कल्याण प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुश्री रश्मि जैन ‘खुशबू’ चुप्पड़ करेंगी।

This slideshow requires JavaScript.

मीडिया को जानकारी देते हुए सुश्री रश्मि जैन ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी योजना कॉर्पोरेट एवं सामाजिक कल्याण संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णतः निःशुल्क आयोजित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम का मुख्य मार्गदर्शन एवं संचालन एलवी ग्रुप ऑफ कंपनीज़ (LV Group of Companies) के संस्थापक एवं निदेशक विनायक अशोक लुनिया जैन तथा निव्रह फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त तबला वादक पंडित आदित्य नारायण बनर्जी के नेतृत्व में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला के दौरान महिलाओं को राखी, माला, तोरण, गृह सज्जा सामग्री तथा अन्य हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात महिलाओं को गृह उद्योग से जोड़ते हुए उत्पादन कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे वे अपने घर से ही आय अर्जित कर सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें।

सुश्री जैन ने बताया कि एलवी ग्रुप ऑफ कंपनीज़ महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए आवश्यक कच्चा माल (Raw Material) उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, विपणन एवं बिक्री की संपूर्ण जिम्मेदारी भी कंपनी द्वारा वहन की जाएगी। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रिटेल मार्केट एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं निव्रह फाउंडेशन महिलाओं को प्रेरित करने, उन्हें उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने तथा उत्पादों के प्रचार-प्रसार का कार्य करेगा। फाउंडेशन के विभिन्न कलाकारों एवं सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के माध्यम से इन उत्पादों को घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सुश्री रश्मि जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने, उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में निव्रह फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आदित्य नारायण बनर्जी का विशेष योगदान रहेगा, जिनके मार्गदर्शन में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र, मार्गदर्शन एवं उद्यमिता विकास से संबंधित किसी भी प्रकार का शुल्क प्रतिभागी महिलाओं से नहीं लिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

यह कार्यशाला महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्राप्त कर सकेंगी तथा अपने हस्तनिर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में सफल होंगी।

 

Leave a Reply