Wednesday, February 18

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रमुख गुर्गा महफूज उर्फ बॉबी कबूतर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नॉर्थ दिल्ली में लंबे समय से सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को गिरफ्तार किया है। बॉबी कबूतर हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में वर्षों से फरार था और उसका नेटवर्क दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक फैला हुआ था।

This slideshow requires JavaScript.

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बॉबी कबूतर का नाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि बॉबी कबूतर ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। इस दौरान इकट्ठा की गई जानकारी उसने गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग तक पहुंचाई। इसी जानकारी के आधार पर मई 2022 में दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई थी।

दिशा पटानी के घर फायरिंग में भी शामिल

बॉबी कबूतर का नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के उत्तर प्रदेश स्थित आवास पर हुई फायरिंग मामले में भी सामने आया है। जांच में यह पता चला कि उसने इस मामले में विदेशी हथियार शूटर्स को उपलब्ध कराए थे। उत्तर प्रदेश पुलिस ने फायरिंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। बॉबी इस मामले में भी लंबे समय से फरार था।

नदीम ब्रदर्स हत्याकांड में भी नाम

दिल्ली के जाफराबाद इलाके में हुई नदीम ब्रदर्स की हत्या में भी बॉबी कबूतर का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, हत्यारों ने 48 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 35 गोलियां फजील और नदीम के शरीर में लगीं और दोनों मौके पर ही मौत हो गई।

स्पेशल सेल ने बॉबी कबूतर को दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया। अधिकारियों का कहना है कि अब इस गिरफ्तारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply