Monday, February 16

फुलवारीशरीफ छात्रा मौत मामला: सुमित्रा हाइट्स में आज होगा सीन रिक्रिएशन, वैज्ञानिक तरीके से जांच करेगी पुलिस

पटना। राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर स्थित सुमित्रा हाइट्स अपार्टमेंट में 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों का सहारा ले रही है। सोमवार को अपार्टमेंट परिसर में घटना स्थल का सीन रिक्रिएशन (Scene Recreation) किया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत सातवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई थी। अब यह पता लगाने के लिए कि छात्रा ने खुद छलांग लगाई थी या किसी ने धक्का दिया था, पुलिस छात्रा के वजन के बराबर एक पुतला (डमी) सातवीं मंजिल से नीचे गिराकर परीक्षण करेगी। इससे यह आकलन किया जाएगा कि गिरने की स्थिति और दूरी घटना से मेल खाती है या नहीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं

एसपी पश्चिम भानू प्रताप सिंह ने बताया कि एम्स के मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में दुष्कर्म या यौन शोषण की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में हिरासत में लिए गए किसी भी संदिग्ध की संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

पुलिस के मुताबिक, अपार्टमेंट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में छात्रा के सीढ़ियों से छत तक जाने और फिर गिरने की घटना रिकॉर्ड हुई है। इसी आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

चार संदिग्ध हिरासत में, लेकिन सबूत नहीं

घटना के बाद पुलिस ने शुरुआती संदेह के आधार पर अपार्टमेंट में काम करने वाले एक बढ़ई, एक गार्ड समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि पूछताछ के दौरान उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया।

परिजनों की आशंका के बाद मेडिकल बोर्ड से कराया गया पोस्टमार्टम

छात्रा की मौत को लेकर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एम्स के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस सीन रिक्रिएशन के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में सातवीं मंजिल से नीचे गिरी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीन रिक्रिएशन और तकनीकी विश्लेषण के बाद जांच की दिशा और अधिक स्पष्ट होगी, जिससे घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सकेगी।

Leave a Reply