
मथुरा (गोवर्धन)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की रस्में पूरी धूमधाम से चल रही थीं, लेकिन फेरों से पहले ही बड़ा दूल्हा स्टेज से फरार हो गया। उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और देखते ही देखते मौके से गायब हो गया। इस घटना के बाद दोनों बहनों की शादी अधर में लटक गई और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों की शादी राजस्थान के दो सगे भाइयों से तय हुई थी। विवाह समारोह में बारात पूरे तामझाम के साथ पहुंची। वधु पक्ष ने परंपरागत तरीके से स्वागत-सत्कार किया, तिलक की रस्म संपन्न हुई और दोनों दूल्हों को स्टेज पर बैठाकर फोटोशूट कराया जा रहा था।
इसी दौरान दोनों दूल्हों और दुल्हनों ने एक-दूसरे को जयमाल भी पहनाई। परंतु कुछ ही देर बाद बड़ा दूल्हा ‘पेशाब’ जाने की बात कहकर स्टेज से नीचे उतरा और फिर वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई। बाद में पता चला कि दूल्हा समारोह स्थल से फरार हो चुका है।
दोनों बहनों की शादी पर संकट
बड़े दूल्हे के भागने के बाद छोटी बहन की शादी भी संकट में आ गई। दोनों परिवारों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शादी में मौजूद मेहमानों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वहीं, दुल्हनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीड़ित परिवार का फूटा दर्द
पीड़ित परिवार के भाई ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया। उसने कहा कि यह दिन उनकी बहनों के जीवन का सबसे खास दिन था, लेकिन धोखेबाज दूल्हे ने पूरे परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला दी। मेहंदी लगे हाथों से बहनें मंडप में बैठी रहीं और दूल्हा भाग गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वधु पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हा पक्ष के कुछ नजदीकी लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार दूल्हे की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना पुलिस के अनुसार, मामले में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
शादी समारोह में दूल्हे के फरार होने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग इसे शादी के नाम पर धोखाधड़ी और सामाजिक अपमान का मामला बता रहे हैं।
