Thursday, February 12

महाशिवरात्रि पर NH-9 पर 4 दिन ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की नो एंट्री

हापुड़। महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हापुड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर चार दिन तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। 13 फरवरी दोपहर 12 बजे से 16 फरवरी शाम 4 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा और इस दौरान ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर समेत सभी भारी मालवाहक एवं भारी सवारी वाहन NH-9 पर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर गढ़ क्षेत्र में गंगा स्नान तथा कांवड़ यात्रा के लिए कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुचारू यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है।

दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली जाने वाले भारी वाहनों के लिए रूट

दिल्ली से मुरादाबाद और बरेली जाने वाले भारी वाहन लालकुआं, सिकंदराबाद, डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए दादरी जीटी रोड पर उतरेंगे। इसके बाद सिकंदराबाद, बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी होते हुए मुरादाबाद पहुंचेंगे।
वैकल्पिक रूप से डासना से छिजारसी टोल प्लाजा पर यू-टर्न लेकर वाहनों को वापस भी भेजा जाएगा।

मेरठ और उत्तराखंड जाने वालों के लिए व्यवस्था

मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन छिजारसी टोल प्लाजा से निजामपुर फ्लाईओवर, सेना पंप फ्लाईओवर, ततारपुर चौराहा और टियाला अंडरपास होते हुए किठौर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

मेरठ से मुरादाबाद जाने का मार्ग

मेरठ से मुरादाबाद जाने वाले वाहन सवाना रोड, मीरापुर बैराज, बिजनौर कोतवाली देहात, नगीना, धामपुर, कांठ और छजलैट मार्ग से होकर मुरादाबाद जाएंगे।

मुरादाबाद/उत्तराखंड से दिल्ली-गाजियाबाद आने का रूट

मुरादाबाद से छजलैट, कांठ, धामपुर, नगीना, बिजनौर, मीरापुर बैराज, मवाना, परिक्षितगढ़, किठौर, टियाला अंडरपास, ततारपुर चौराहा, सोना फ्लाईओवर, निजामपुर फ्लाईओवर और छिजारसी टोल प्लाजा के जरिए यातायात दिल्ली-गाजियाबाद पहुंचेगा।

गजरौला से दिल्ली-गाजियाबाद का वैकल्पिक मार्ग

गजरौला चौपला से वाहन गढ़ी धनौरा, चांदपुर, हल्दौर, बिजनौर, मीरापुर बैराज, मवाना, परिक्षितगढ़, किठौर, टियाला अंडरपास, ततारपुर चौराहा, सोना फ्लाईओवर और निजामपुर फ्लाईओवर होते हुए दिल्ली-गाजियाबाद जाएंगे।
वैकल्पिक रूप से मुरादाबाद से नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और सिकंदराबाद होते हुए भी दिल्ली की ओर जाया जा सकता है।

मेरठ से दिल्ली-गाजियाबाद के लिए मार्ग

मेरठ से आने वाले वाहन टियाला, ततारपुर चौराहा, सोना फ्लाईओवर, निजामपुर फ्लाईओवर और छिजारसी टोल प्लाजा के जरिए दिल्ली-गाजियाबाद पहुंचेंगे।

छोटे वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

छोटे वाहनों को हापुड़ तक आने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
दिल्ली-गाजियाबाद से मुरादाबाद-बरेली जाने वाले छोटे वाहन डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दादरी जीटी रोड, सिकंदराबाद, डिबाई और चंदौसी मार्ग से गुजरेंगे।

एनसीआर से मेरठ व उत्तराखंड जाने वाले छोटे वाहन छिजारसी टोल प्लाजा, निजामपुर फ्लाईओवर, ततारपुर चौराहा और टियाला अंडरपास के जरिए मेरठ-किठौर मार्ग का उपयोग करेंगे।

पुलिस प्रशासन की अपील

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply