Tuesday, February 10

दरभंगा रेप-मर्डर मामला: सड़क से सदन तक आक्रोश, 6 गिरफ्तार, एसएसपी की बर्खास्तगी की मांग

दरभंगा (बिहार): जिले में 6 साल की मासूम बच्ची से रेप और हत्या की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार रात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में हुई इस निरंकुश वारदात के बाद रविवार को हुए विरोध प्रदर्शन, आगजनी और सड़क जाम के कारण पुलिस प्रशासन को सख्त सुरक्षा इंतजाम करना पड़ा।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्य आरोपी विकास महतो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अब तक श्रवण साह और विकास सहनी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुल 43 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।

एसएसपी के खिलाफ गुस्सा:
लहेरियासराय टावर पर सोमवार को मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष नीरज क्रांतिकारी और विश्वविद्यालय अध्यक्ष अनीश चौधरी ने एसएसपी जगुनाथ रेड्डी की बर्खास्तगी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन सड़क से सदन तक जाएगा।

10 लाख रुपए मुआवजे की मांग:
रेप-मर्डर मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मांग की कि स्पीडी ट्रायल कराकर दोषियों को सजा दिलाई जाए। साथ ही परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मुहैया कराया जाए।

इस घटना ने बिहार में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है।

Leave a Reply