
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने विवादित निर्णय लिया है, जो उनके लिए महंगा साबित हो सकता है। पाकिस्तान ने भारत के साथ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
बीते रविवार (1 फरवरी) को पाकिस्तान की सरकार ने निर्देश जारी किए कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम भेजी जाएगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में भाग नहीं लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद आईसीसी ने बयान जारी कर कहा कि इस तरह का कदम स्वीकार नहीं किया जाएगा और पाकिस्तान ने अपना फैसला नहीं बदला तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईसीसी की बैठक पर अस्पष्टता:
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के इस बहिष्कार को लेकर आईसीसी की बैठक पर फिलहाल कोई स्पष्ट दिशा नहीं है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आधिकारिक रूप से आईसीसी को यह सूचित नहीं किया है कि वे भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलना चाहते।
पाकिस्तान सरकार ने PCB को दिए थे आदेश:
पाकिस्तान सरकार ने PCB को टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने की अनुमति दी थी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच न खेलने के स्पष्ट निर्देश जारी किए। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान सरकार के ऑफिशियल अकाउंट से इस बाबत ट्वीट भी किया गया।
भारत मैच खेलने के लिए श्रीलंका जाएगी:
भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान के इनकार के बावजूद भारतीय टीम कथित तौर पर मैच खेलने के लिए श्रीलंका ट्रैवल करेगी और आईसीसी के प्रोटोकॉल का पालन करेगी।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने इस पूरे मामले पर बयान देते हुए कहा कि जो उनकी सरकार या PCB चीफ कहेंगे, वही किया जाएगा। उनका व्यक्तिगत निर्णय इसमें शामिल नहीं है।
पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया था, और इस बार भी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं।