
नई दिल्ली।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को फिलहाल और प्रतीक्षा करनी होगी। यूपीएससी ने स्पष्ट कर दिया है कि 14 जनवरी 2026 को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 और भारतीय वन सेवा परीक्षा (IFS) 2026 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाएगा। इस संबंध में आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर एक नया नोटिस जारी किया है।
प्रशासनिक कारणों से नोटिफिकेशन स्थगित
यूपीएससी द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि,
“सिविल सेवा परीक्षा 2026 और भारतीय वन सेवा परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन, जो 14 जनवरी 2026 को जारी किया जाना था, उसे प्रशासनिक कारणों से फिलहाल स्थगित किया गया है। इसे उचित समय पर जारी किया जाएगा।”
इससे पहले आयोग के वार्षिक कैलेंडर में 14 जनवरी 2026 को नोटिफिकेशन जारी करने की तिथि तय की गई थी, लेकिन अब इसमें बदलाव कर दिया गया है।
अब कब आ सकता है नोटिफिकेशन?
हालांकि नए नोटिस में नोटिफिकेशन जारी होने की नई तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि अगले महीने सिविल सेवा परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। इसके चलते यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) की तारीख में भी बदलाव संभव है।
संभावना है कि मई में प्रस्तावित प्रीलिम्स परीक्षा अब एक महीने आगे बढ़ सकती है।
अभ्यर्थियों को क्या करना चाहिए?
विशेषज्ञों का कहना है कि नोटिफिकेशन में देरी के बावजूद उम्मीदवारों को अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए। परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां और तिथियों में बदलाव की सूचना केवल यूपीएससी की वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी।
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का पैटर्न
- प्रीलिम्स परीक्षा में दो पेपर होते हैं
- दोनों पेपर 200-200 अंकों के होते हैं
- प्रश्न ऑब्जेक्टिव टाइप होते हैं
- प्रत्येक पेपर के लिए 2 घंटे का समय
- पेपर-II (CSAT) में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक क्वालीफाइंग
- प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में
प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains) में बैठने का अवसर मिलता है, इसके बाद साक्षात्कार (Interview) होता है।
सलाह
उम्मीदवार किसी भी अफवाह से बचें और केवल upsc.gov.in पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।