शादी टूटने के बाद युवती के परिवार को अश्लील पत्र भेजता रहा इंजीनियर, टोपी-मास्क पहनकर डालता था चिट्ठियां
शादी का रिश्ता टूटने से आक्रोशित एक युवक ने युवती और उसके परिवार को मानसिक प्रताड़ना देने के लिए महीनों तक अश्लील पत्र और न्यूड तस्वीरें भेजीं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने सात महीने बाद आरोपी इंजीनियर आयुष अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी टोपी और मास्क पहनकर अलग-अलग डाकघरों से चिट्ठियां पोस्ट करता था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष अग्निहोत्री अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का निवासी है और पेशे से इंजीनियर है। उसका परिचय युवती से जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से हुआ था। बाद में युवती की बहन से उसकी शादी तय हुई, लेकिन पारिवारिक कारणों से रिश्ता टूट गया। इसके बाद आरोपी ने बदले की भावना से युवती के परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
परिवार और रिश्तेदारों को भेजे अभद्र पत्र
आरोपी ने युवती की बहन, रिश्तेदारों और यहां तक कि पड़ोसियों के पते पर भी अभद्र भाषा वाले पत्र भेजे। ...









