Thursday, June 11

This slideshow requires JavaScript.

बलिया में 10 वर्षीय मासूम का शव बोरे में मिला गांव में सनसनी, पुलिस ने हत्या की आशंका जताई

बलिया। आमडरी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब घर से कुछ ही दूरी पर अमरूद के पेड़ के नीचे एक बोरे में 10 वर्षीय बच्चे का शव मिला। मृतक की पहचान यशवंत वर्मा उर्फ शिवम (10) पुत्र रामजी वर्मा के रूप में हुई है। मासूम शिवम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी रविवार शाम से तलाश की जा रही थी।

This slideshow requires JavaScript.

खेलते-खेलते लापता हुआ था शिवम
परिजनों के अनुसार शिवम रविवार शाम करीब 6 बजे घर के बाहर गांव में खेल रहा था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। रात में ही फेफना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सुबह बोरे से दिखा बच्चे का पैर, गांव में मचा कोहराम
सोमवार सुबह लगभग 10 बजे एक घर के पीछे अमरूद के बगीचे में रखे बोरे से बच्चे का पैर दिखने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया। बोरा खोलते ही शिवम का शव देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर फेफना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर सभी बिंदुओं पर जांच करने और जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या की आशंका को प्रमुखता से जांच में लिया जा रहा है।

गांव में शोक और दहशत का माहौल
होलीपैट कान्वेंट स्कूल में पढ़ने वाला शिवम अपने परिवार की आंखों का तारा था। पिता रामजी वर्मा खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की इस दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाकर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply