Friday, July 10

This slideshow requires JavaScript.

महापौर से लेकर मुख्यमंत्री तक लगा चुके गुहार, फिर भी नहीं सुलझी समस्या; अब उपभोक्ता फोरम जाने की तैयारी

This slideshow requires JavaScript.

इंदौर। शहर की स्कीम नंबर-71 स्थित 1381-बी क्षेत्र की रहवासी रश्मि जैन पिछले कई वर्षों से बिजली के पोल, सड़क खुदाई एवं अव्यवस्थित निर्माण कार्य की समस्या से जूझ रही हैं। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों की कथित मिलीभगत के चलते उनकी शिकायतों का आज तक निराकरण नहीं हो सका है। कई बार लिखित शिकायतें देने एवं सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।

रश्मि जैन के अनुसार उनके मकान के सामने पहले से ही बिजली के दो पोल लगे हुए हैं, जिनके कारण कई बार फॉल्ट एवं करंट उतरने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पुनः उनके घर के सामने नया पोल लगाने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने के बावजूद उस पर कार्रवाई नहीं की जा रही, जबकि उनके घर के सामने जबरन पोल लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

रश्मि जैन ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में कई बार सीएम हेल्पलाइन सहित संबंधित विभागों में शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके अलावा क्षेत्रीय अधिकारियों, जोनल कार्यालय, नगर निगम, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, कलेक्टर, अपर कलेक्टर, पुलिस अधिकारियों, महापौर से लेकर विधायक और मुख्यमंत्री तक लिखित शिकायतें एवं गुहार लगाई, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान वास्तविक स्थिति बताई जाती है, लेकिन उनके जाने के बाद ठेकेदार पुनः मनमाने तरीके से कार्य शुरू कर देते हैं। विरोध करने पर डराने-धमकाने जैसी स्थिति भी निर्मित होती है। सड़क पर खोदे गए गड्ढों एवं अव्यवस्थित कार्यों से क्षेत्रवासी भी परेशान हैं।

एसडी न्यूज़ से बातचीत में रश्मि जैन ने बताया कि यह शिकायतें काफी पुरानी हैं, लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि इस बार इंदौर नगर निगम एवं मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे सीधे उपभोक्ता फोरम का रुख करेंगी। इस मामले में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और इंदौर नगर निगम को पक्षकार बनाते हुए वाद दायर किया जाएगा तथा वर्षों से हुई मानसिक, आर्थिक एवं शारीरिक परेशानियों के लिए उचित हर्जाने की भी मांग की जाएगी।

रश्मि जैन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।

(समाचार में प्रकाशित आरोप शिकायतकर्ता रश्मि जैन द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Leave a Reply