

जबलपुर, 09 जुलाई। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने वर्षाकाल को देखते हुए जिले के नागरिकों से बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों, विद्युत खंभों एवं स्टे वायर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि बारिश के मौसम में वातावरण में नमी, आंधी-तूफान एवं तेज वर्षा के कारण बिजली की लाइनों के क्षतिग्रस्त होने तथा लीकेज करंट की संभावना बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वर्षा के दौरान किसी भी विद्युत लाइन, ट्रांसफार्मर अथवा विद्युत उपकरण के साथ छेड़छाड़ न करें। यदि कहीं बिजली का तार टूटकर गिर जाए या खंभा क्षतिग्रस्त दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम विद्युत वितरण केंद्र अथवा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर दें। गिरे हुए तारों को छूने या उनके ऊपर से गुजरने का प्रयास बिल्कुल न करें।
कंपनी ने विशेष रूप से चाय-पान की दुकानों, टपरों तथा लोहे की चादरों से बनी दुकानों में सुरक्षित विद्युत वायरिंग कराने की सलाह दी है। वायरिंग हमेशा पीवीसी पाइप के माध्यम से कराई जाए तथा कटी-फटी या ढीली वायरिंग को तुरंत बदलवाया जाए, जिससे जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बारिश के दौरान बिजली के खंभों एवं स्टे वायर के आसपास जलभराव होने पर वहां से गुजरने से बचें तथा बच्चों एवं मवेशियों का विशेष ध्यान रखें। अपने पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें। इसी प्रकार कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभों, सर्विस लाइन या लोहे के तार का उपयोग न करें, क्योंकि इनमें करंट आने की संभावना बनी रहती है।
कंपनी ने नागरिकों से अपने घरों की वायरिंग, अर्थिंग एवं विद्युत उपकरणों की समय-समय पर प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से जांच कराने तथा किसी भी विद्युत खराबी को स्वयं ठीक करने के बजाय विशेषज्ञ की सेवाएं लेने की सलाह दी है।
अधीक्षण अभियंता ने किसानों से भी अपील की है कि बिजली की लाइनों के नीचे फसल का भंडारण न करें तथा खेतों में कटी-फटी विद्युत डोरी का उपयोग न करें। किसी भी आपात स्थिति में कंपनी के 24×7 टोल फ्री नंबर 1912 पर सूचना दें। जबलपुर ग्रामीण क्षेत्र के लिए विद्युत संबंधी शिकायतों हेतु जिला कंट्रोल रूम (माढ़ोताल) का मोबाइल नंबर 7648818806 भी जारी किया गया है।
विद्युत वितरण कंपनी ने सभी नागरिकों से वर्षाकाल में सतर्कता बरतने एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से बचा जा सके।


