
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का बहुप्रतीक्षित मुकाबला रविवार 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर जहां क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं विज्ञापन बाजार में भी भारी हलचल मची हुई है। कंपनियां इस मौके को भुनाने के लिए मुंहमांगी कीमत देने को तैयार हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारत-पाकिस्तान मैच के लिए टीवी पर 10 सेकेंड के विज्ञापन स्लॉट की कीमत 30 से 40 लाख रुपये तक पहुंच गई है। आमतौर पर वर्ल्ड कप के अन्य बड़े मुकाबलों में यह दर 20 से 25 लाख रुपये के बीच रहती है। यानी इस महामुकाबले ने विज्ञापन दरों में भी रिकॉर्ड उछाल ला दिया है।
जियोस्टार को 2000 करोड़ रुपये कमाई की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार इस पूरे टूर्नामेंट से ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को विज्ञापन के जरिए करीब 2000 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है। भारत-पाक मैच को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा कमाई वाला मुकाबला माना जा रहा है।
लास्ट मिनट इन्वेंट्री में 25% तक उछाल
सीनियर स्पोर्ट्स एनालिस्ट और कमेंटेटर नीरज झा ने कहा कि मैच के लिए लास्ट मिनट इन्वेंट्री के रेट में कम से कम 20 से 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मुकाबला इतना बड़ा है कि हर सेकंड का विज्ञापन स्लॉट बिकेगा और ब्रॉडकास्टर के पास कोई खाली जगह नहीं बचेगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी महंगे हुए विज्ञापन
टीवी के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी विज्ञापन दरों में भारी उछाल आया है। रिपोर्ट के मुताबिक डिजिटल पर 10 सेकेंड का विज्ञापन स्लॉट 15 से 20 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
ऑटो, FMCG और फाइनेंस कंपनियों की सबसे ज्यादा रुचि
ग्लोबल मार्केटिंग फर्म Komerz के डायरेक्टर कुशल सांघवी ने बताया कि कंपनियां किसी भी कीमत पर एड स्पेस हासिल करना चाहती हैं, क्योंकि इस मैच की व्यूअरशिप बेहद ज्यादा रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत भारत-पाकिस्तान मैच की तुलना सोने और चांदी की कीमतों से कर रहा है।
इस महामुकाबले में ऑटो, FMCG, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनियों की सबसे अधिक दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
कई बड़ी कंपनियां वर्ल्ड कप में कर रही विज्ञापन
जियोस्टार ने भारत-पाक मैच के लिए विज्ञापन देने वाली कंपनियों की सूची का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उसने बताया कि टूर्नामेंट में एमेरिट्स, ओपनएआई, बिड़ला ओपस, रैपिडो, अमूल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई, ब्रिटानिया और जनरल इंश्योरेंस काउंसिल समेत कई कंपनियां विज्ञापन दे रही हैं।
मैच का असर पर्यटन और यात्रा बाजार पर भी
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का असर केवल विज्ञापन बाजार तक सीमित नहीं रहा। बड़ी संख्या में भारतीय प्रशंसक मैच देखने श्रीलंका रवाना हो रहे हैं, जिससे कोलंबो के लिए हवाई टिकट और होटल किराये में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
EaseMyTrip के सीईओ रिकांत पिट्टी के अनुसार भारत के प्रमुख शहरों से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स का किराया 45 से 50 फीसदी तक बढ़ गया है। वहीं MakeMyTrip ने बताया कि कोलंबो के लिए बुकिंग सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी हो चुकी है।
Cleartrip की चीफ ग्रोथ ऑफिसर मंजरी सिंघल ने कहा कि भारत-पाक मैच के आसपास कोलंबो के लिए बुकिंग में करीब 65 फीसदी का इजाफा हुआ है। वहीं होटल बुकिंग में भी जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है, खासकर स्टेडियम के आसपास के 4 और 5 स्टार होटल सबसे ज्यादा डिमांड में हैं।
