Thursday, February 12

एक हार और अपने ही खिलाड़ियों को बनाया विलेन, हैरी ब्रूक ने गिनाईं कमियां, अब इंग्लैंड पर बाहर होने का खतरा

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इस हार ने टीम की राह सुपर-8 में पहुंचने की मुश्किल बना दी है। कप्तान हैरी ब्रूक ने अपनी टीम की गलतियों को स्वीकार करते हुए खिलाड़ियों को भी जिम्मेदार ठहराया।

This slideshow requires JavaScript.

वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रनों से हराया
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रनों से मात दी। 197 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 166 रनों पर ही ढेर हो गई। मैच के बाद ब्रूक ने माना कि गेंदबाजी में अतिरिक्त रन हार की मुख्य वजह बने।

ब्रूक ने बताई टीम की कमजोरी
मैच के बाद हैरी ब्रूक ने कहा, “वानखेड़े की पिच पर हमारे गेंदबाजों ने योजना के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। हमने सही एग्जीक्यूशन नहीं किया और विपक्षी टीम को 15-20 अतिरिक्त रन बनाने दिए। हमें लगा था कि 197 रनों का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, लेकिन ओस ने सहयोग नहीं किया। पिच उतनी सपाट नहीं थी कि गेंद आसानी से बल्ले पर आए।”

रदरफोर्ड की तूफानी पारी और स्पिनरों का जाल
वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड ने 42 गेंदों पर नाबाद 76 रनों की तूफानी पारी खेल टीम का स्कोर 197 तक पहुँचाया। इंग्लैंड की तरफ से फिल साल्ट, जोस बटलर और जैकब बेथेल ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील होसेन, रोस्टन चेज और गुडाकेश मोती ने मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया। ब्रूक ने कहा कि स्पिन को खेलने में कोई समस्या नहीं थी, लेकिन विकेट गुच्छों में गंवाए गए।

वेस्टइंडीज के कप्तान ने दी ब्रूक की फैसले को सराहना
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के ब्रूक के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना मेरे लिए भी सही विकल्प होता। ओस की वजह से दूसरी पारी में गेंद स्पिनरों के लिए पकड़ में नहीं आती। आज ओस नहीं थी, लेकिन अतिरिक्त रन दबाव के कारण जुड़े।”

इंग्लैंड के लिए करो या मरो की स्थिति
इंग्लैंड का वर्ल्ड कप अभियान अब डगमगा गया है। पहले मैच में नेपाल के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत के बाद वेस्टइंडीज से मिली हार ने टीम को मुश्किल में डाल दिया है। सुपर-8 में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड को अगले दोनों ग्रुप मैच हर हाल में जीतने होंगे। ब्रूक ने भरोसा जताया कि टीम अपनी बल्लेबाजी की गहराई और पुरानी गलतियों से सीख लेकर वापसी करेगी।

Leave a Reply