
ढाका: बांग्लादेश में आज संसदीय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। देश की 350 सीटों में से 50 महिलाओं के लिए रिजर्व हैं, जबकि बाकी 300 सीटों में से 299 पर वोटिंग जारी है। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला जमात-ए-इस्लामी और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के बीच है। शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं मिली है, इसलिए जमात-ए-इस्लामी के लिए यह “करो या मरो” की स्थिति है।
जमात-ए-इस्लामी की जमीन पर ताकत
ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, जमात-ए-इस्लामी ने अपने समर्थकों को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया है। गृह सचिव नसीमुल गनी, चीफ इलेक्शन कमिश्नर AMM नासिर उद्दीन और एंटी-करप्शन कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल मोमेन सभी जमात के कट्टर समर्थक हैं। इन अधिकारियों को मोहम्मद यूनुस ने नियुक्त किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इनकी कोशिश देश में इस्लामिक विचारधारा को बढ़ावा देने की रही है।
जमात ने अपने कार्यकर्ताओं को दुर्गा पूजा पंडालों के बाहर तैनात किया और हिंदू वोट बैंक में सेंधमारी करने की कोशिश की। पार्टी ने यह भी वादा किया कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
जमात-ए-इस्लामी के चुनावी वादे
जमात की स्टूडेंट विंग, इस्लामी छात्र शिबिर, ने घोषणा की है कि सत्ता में आने पर:
-
सरकारी दफ्तरों और अदालतों में कानूनी काम बिना रिश्वत किए जाएंगे
-
बिजनेस की मोनोपॉली और भ्रष्ट ब्यूरोक्रेसी-क्रिमिनल नेक्सस खत्म होगा
-
जरूरी चीजों की कीमतें नियंत्रण में रहेंगी
-
महिलाएं और लड़कियां बिना किसी परेशानी के स्वतंत्र रूप से घूम-फिर सकेंगी
-
जबरदस्ती वसूली, आतंकवाद, रेप और कब्जे पर रोक लगाई जाएगी
हालांकि जमात ने चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी पार्टी हारती है तो कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।
चुनावी स्थिति और संभावित नतीजे
विश्लेषकों के मुताबिक, BNP के अंदरूनी गुटबाजी और बागी उम्मीदवारों की वजह से जमात-ए-इस्लामी को फायदा मिल सकता है। आम तौर पर पार्टी को 7-8 प्रतिशत वोट मिलते रहे हैं, लेकिन इस बार उनका वोट शेयर 25-30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।
जमात-ए-इस्लामी के लिए प्रमुख सीटें हैं: ठाकुरगांव-2, दिनाजपुर-1, 4 और 6, कॉक्स बाजार-2 और 3, बोगरा-2, चपाई नवाबगंज-1, राजशाही-2, पबना-1, 2 और 5, कुश्तिया-2 और 3, झेनाइदाह-2, 3 और 4, जेसोर-1, 2, 4, 5 और 6, खुलना-5 और 6। पार्टी 50-60 सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है।
हालांकि, आकलन रिपोर्ट के मुताबिक सरकार बनाना जमात के लिए मुश्किल है। BNP के 170-180 सीटें जीतने की संभावना अधिक दिख रही है। चुनावी नतीजे और पार्टियों के रिएक्शन 13 फरवरी को स्पष्ट होंगे।
