Wednesday, February 11

बच गया अटाकामा का आसमान: 10 बिलियन डॉलर का मेगा प्रोजेक्ट रद्द

सैंटियागो, चिली: दुनिया के सबसे साफ और सूखे आकाश को देखने का सपना अब कायम रहेगा। चिली के अटाकामा रेगिस्तान में प्रस्तावित 10 बिलियन डॉलर के आईएनएनए ग्रीन हाइड्रोजन और अमोनिया प्रोडक्शन प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया गया है। यह क्षेत्र सालभर साफ आकाश और न्यूनतम नमी के कारण खगोलीय अनुसंधान के लिए आदर्श माना जाता है।

This slideshow requires JavaScript.

प्रोजेक्ट के तहत 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र में एक विशाल उत्पादन केंद्र, पोर्ट, तट तक ट्रांसपोर्ट लिंक और तीन सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाने थे। वैज्ञानिकों ने बार-बार चेतावनी दी थी कि इस फैसिलिटी के कारण लाइट पॉल्यूशन बढ़ेगा और पैरानल ऑब्जर्वेटरी के शक्तिशाली टेलिस्कोप की खगोलीय नज़र पर गंभीर असर पड़ेगा।

यूरोपियन सदर्न ऑब्जर्वेटरी (ईएसओ) के प्रतिनिधि इत्जियार डी ग्रेगोरियो ने कहा, “प्रोजेक्ट रद्द होने से पैरानल ऑब्जर्वेटरी पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह हमें याद दिलाता है कि प्रोफेशनल एस्ट्रोनॉमी साइट्स के आसपास सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं।”

चिली की एनवायर्नमेंटल इवैल्यूएशन सर्विस ने भी पुष्टि की कि एईएस एंडेस कंपनी के साथ बैठक के बाद प्रोजेक्ट आधिकारिक तौर पर वापस लिया गया। अमेरिकी कंपनी एईएस कॉरपोरेशन ने कहा कि विस्तृत अध्ययन के बाद उन्होंने आईएनएनए प्रोजेक्ट रोकने का फैसला किया

वैज्ञानिक समुदाय ने इसे बड़ी जीत बताया है। नोबेल पुरस्कार विजेता रेनहार्ड जेनजेल समेत कई खगोलविदों ने पहले ही चिली सरकार से इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट को खत्म करने का आग्रह किया था।

अटाकामा का यह आसमान अब भी खगोल विज्ञान और खगोलीय पर्यटन के लिए अपनी चमक बनाए रखेगा।

Leave a Reply