
पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई की स्थिति पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने स्पष्ट ऐलान किया है कि यदि स्कूलों की सफाई में कमी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारी के खिलाफ न केवल सख्त कदम उठाया जाएगा, बल्कि सफाई एजेंसी का कॉन्ट्रैक्ट भी रद्द किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने भाजपा विधायक बैद्यनाथ प्रसाद के सवाल का जवाब देते हुए बिहार विधानसभा के बजट सत्र में की।
विधायक का निरीक्षण
भाजपा विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने बताया कि विद्यालय समिति के अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने सीतामढ़ी के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें यह पाया कि कई स्कूलों की सफाई गुणवत्तापूर्ण नहीं है। उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में शिक्षा मंत्री के सामने उठाया।
शिक्षा मंत्री का जवाब
विधायक की रिपोर्ट को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यालय से एक टीम भेजकर पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में यदि स्कूलों में सफाई को लेकर कोई त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी का कॉन्ट्रैक्ट रद्द किया जाएगा। इसके अलावा, जिसने इस मामले में गलत रिपोर्ट दी है, उस पदाधिकारी पर भी कार्रवाई होगी।
सरकार की मंशा
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार स्कूलों की साफ-सफाई को लेकर गंभीर है और बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
