
झुंझुनूं (राजस्थान):
राजस्थान की पर्यटन नगरी मंडावा एक बार फिर चर्चा में है। ऐतिहासिक हवेलियों और शाही परंपराओं के बीच यहां एक ऐसी अनोखी शादी संपन्न हुई, जिसने संस्कृतियों की सीमाओं को मिटाकर भारतीय परंपराओं की वैश्विक पहचान को और मजबूत कर दिया।
इस भव्य विवाह समारोह में इटली निवासी युवक मार्को ने मुंबई निवासी युवती जूई अंबानी से पूरी तरह हिंदू वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। निजी होटल में आयोजित इस समारोह ने विदेशी मेहमानों का दिल जीत लिया।
वैदिक मंत्रों के साथ हुए सात फेरे
विवाह पूरी तरह सनातन परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। वर-वधू ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधने की रस्म निभाई।
इस धार्मिक आयोजन को संपन्न कराने के लिए वृंदावन के भवत विद्यापीठ से 9 ब्राह्मणों को विशेष रूप से बुलाया गया था। विदेशी मेहमानों को भारतीय रीति-रिवाजों को समझने में आसानी हो, इसके लिए संस्कृत श्लोकों का अंग्रेजी में अनुवाद भी किया गया।
13 देशों से पहुंचे करीब 200 मेहमान
होटल मालिक अरविंद पारीक और मधुसूदन खेमानी के अनुसार, दुल्हन जूई अंबानी मुंबई निवासी भावना और जतिन अंबानी की पुत्री हैं। वह वर्तमान में रोम में आईसीसीआर-ओएम के साथ संरक्षण वास्तुकार के रूप में कार्यरत हैं।
वहीं दूल्हे मार्को के पिता मास्सिमो और माता फुलविया हैं। विवाह समारोह में भारत सहित 13 देशों से करीब 200 मेहमान शामिल हुए, जिनमें दोनों परिवारों के रिश्तेदार, मित्र और सहयोगी उपस्थित रहे।
फूलों की होली बनी आकर्षण का केंद्र
पारंपरिक रिसेप्शन के स्थान पर अंबानी परिवार की ओर से रात में फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राधा-कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल बना दिया।
मेहमानों के लिए भारतीय और यूरोपीय व्यंजनों का विशेष संयोजन परोसा गया, जिसने इंडो-इटैलियन सांस्कृतिक मेल को और भी खास बना दिया।
मंडावा को मिली नई पहचान
यह अनूठा विवाह समारोह केवल एक शादी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन भी रहा। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि भारतीय रीति-रिवाज आज दुनियाभर में लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
इस भव्य आयोजन के बाद मंडावा एक बार फिर सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में सुर्खियों में आ गया है।