
उज्जैन। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के बड़े अभियान के तहत आगर रोड स्थित नजरअली मिल कंपाउंड परिसर में करीब 150 साल पुरानी पांच पीर वाली गैबशाह बाबा की दरगाह और मजार के पास किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर और कटर मशीन से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम की टीम ने पहले कई बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन दरगाह कमेटी द्वारा इसका पालन नहीं किया गया। इसके बाद शनिवार को जेसीबी और अन्य मशीनरी के साथ टीम मौके पर पहुंची और मजार की बाउंड्री दीवार व शेड को तोड़ दिया।
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तीन थानों के टीआई समेत 50 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नोटिस देने के बाद ही यह कार्रवाई की गई और मौके पर किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। इस दौरान परिसर के बाहर बने शेड और बाउंड्री के साथ लगभग एक दर्जन पेड़ भी काटने पड़े।
दरगाह कमेटी के मोहम्मद गुफरान ने बताया कि नगर निगम ने केवल दरगाह को छोड़ा और बाकी निर्माण तोड़कर तार फेंसिंग कर दी है। उन्होंने कहा कि अब शेष अतिक्रमण हम स्वयं हटाएंगे। रमज़ान के नजदीक होने के कारण शेड हटने से इबादत करने में थोड़ी असुविधा होगी, लेकिन इस कार्रवाई से परिसर का सौंदर्य और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
उल्लेखनीय है कि यह दरगाह सभी धर्मों के लोगों के लिए दर्शन स्थल है और नगर निगम की यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाने और धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।