
चेन्नई/मुंबई: अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी स्टारर फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ अब कानूनी विवादों में फंस गई है। साउथ प्रोड्यूसर सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल ने मद्रास हाईकोर्ट में दावा दायर किया है कि तीसरी किश्त बनाने के अधिकार फिरोज नाडियाडवाला के पास नहीं हैं।
सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार का कहना है कि 1989 में आई मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ का सिर्फ एक हिंदी रीमेक बनाने का अधिकार फिरोज नाडियाडवाला को दिया गया था, जिसे उन्होंने 2000 में उपयोग कर फिल्म ‘हेरा फेरी’ बनाई। इसके बाद 2006 में ‘फिर हेरा फेरी’ का निर्माण नाडियाडवाला ने किया, लेकिन इसके लिए उन्हें किसी भी तरह की अनुमति नहीं थी।
विजयकुमार ने कहा, “ओरिजनल प्रोड्यूसर और मुझे बहुत बाद में एहसास हुआ कि नाडियाडवाला ने उल्लंघन किया और धोखा दिया। हमने अक्षय कुमार को भी सूचित किया, तभी पता चला कि उन्होंने उनके प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स को तीसरी किश्त के अधिकार बेच दिए हैं। हमने उन्हें लीगल नोटिस भेजा, लेकिन हमें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि नाडियाडवाला के पास सीक्वल और प्रीक्वल बनाने का अधिकार नहीं था और न ही वह किरदारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ने कहा:
अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म के राइट्स नाडियाडवाला से खरीदे थे। वहीं, प्रियदर्शन ने कहा कि उन्हें इस विवाद की जानकारी नहीं थी और नाडियाडवाला की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
‘हेरा फेरी’ और ‘फिर हेरा फेरी’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन:
-
‘हेरा फेरी’ (2000): बजट 7.50 करोड़, भारत में नेट 12.35 करोड़, वर्ल्डवाइड 21.42 करोड़।
-
‘फिर हेरा फेरी’ (2006): बजट 18 करोड़, भारत में नेट 40.82 करोड़, वर्ल्डवाइड 69.13 करोड़।
दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थीं, लेकिन अब तीसरी किश्त की कानूनी जंग इस फ्रेंचाइजी के भविष्य पर सवाल खड़ा कर रही है।