
जयपुर: राजस्थान के सरकारी स्कूलों की सूरत जल्द ही बदलने वाली है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक अनूठी योजना का ऐलान किया है, जिसके तहत प्रदेश के जर्जर स्कूल भवनों को नया निर्माण दिया जाएगा और नई इमारतों पर ‘निर्माण तारीख’ के साथ ‘एक्सपायरी डेट’ भी लिखी जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अक्सर पुराने और जर्जर भवन सालों तक उपयोग में रहते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा रहता है। अब निर्माण की तारीख और एक्सपायरी डेट लिखी जाने से प्रशासन को पता रहेगा कि भवन कब गिराना है और कब नए निर्माण की प्रक्रिया शुरू करनी है। मंत्री ने कहा, “हम बच्चों की सुरक्षा के प्रति बेहद संवेदनशील हैं और किसी भी जर्जर छत के नीचे भविष्य का निर्माण नहीं होने देंगे।”
1575 करोड़ रुपये का बड़ा प्रोजेक्ट
इस महाप्रोजेक्ट के लिए कुल 1575 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से 575 करोड़ रुपये राज्य सरकार और 1000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा दिए जाएंगे। नई बिल्डिंग्स के साथ आधुनिक संसाधन और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे छात्रों का शैक्षणिक माहौल बेहतर होगा।
सियासी वार-पलटवार
विधानसभा में जब कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने जर्जर स्कूलों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, तो शिक्षा मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार में हुए भ्रष्टाचार की वजह से भवन जल्दी जर्जर हुए। उन्होंने कहा कि अब पुरानी खामियों को सुधारते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है।