Friday, February 6

ओला-उबर-रैपिडो की सर्विस पर हड़ताल का खतरा, 7 फरवरी को सावधान रहें

नई दिल्ली: देशभर में शनिवार, 7 फरवरी को राइड-हेलिंग सेवाओं में व्यवधान की संभावना है। ओला, उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवरों की यूनियनों ने इस दिन हड़ताल का ऐलान किया है। इसे ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ के नाम से चलाया जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) और कई राष्ट्रीय श्रम संगठन इस हड़ताल का नेतृत्व कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ऐप-आधारित ट्रांसपोर्ट वर्कर्स कम से कम छह घंटे तक ऑफलाइन रह सकते हैं, जिससे देश के बड़े शहरों में कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

यूनियनों का आरोप है कि राइड-हेलिंग कंपनियां मनमाने ढंग से कमिशन और किराया तय कर रही हैं। जबकि मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 इस सेक्टर को रेगुलेट करने के लिए बनाई गई थीं, सरकार ने न्यूनतम बेस किराया नोटिफाई नहीं किया। यूनियनों के अनुसार, इसका सीधा असर ड्राइवरों की आमदनी पर पड़ रहा है और उन्हें शोषित किया जा रहा है।

TGPWU ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के बावजूद प्लेटफॉर्म मनमाने ढंग से किराया तय कर रहे हैं। हमारी मांगें साफ हैं – न्यूनतम किराया नोटिफाई करें, नियम लागू करें और कमर्शियल राइड के लिए प्राइवेट गाड़ियों के गलत इस्तेमाल को रोकें।”

यूनियन ने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की भी अपील की है। उनका कहना है कि लाखों ऐप-आधारित ड्राइवर गरीबी में धकेले जा रहे हैं, जबकि कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं।

इसके अलावा, यूनियनों ने मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के क्लॉज 17.3 को हटाने की मांग की है। इस क्लॉज के तहत कंपनियों को बेस फेयर से 50% तक कम किराया लेने की अनुमति है, जिससे ड्राइवरों की कमाई पर असर पड़ता है।

TGPWU ने राज्य और केंद्र सरकार से अपील की है कि वे इस सेक्टर के निष्पक्ष और कानूनी रेगुलेशन को सुनिश्चित करें और ड्राइवर यूनियनों के साथ बातचीत करें।

पढ़ें: 7 फरवरी को यदि आप ओला, उबर या रैपिडो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो वैकल्पिक साधन का प्रबंध पहले से कर लें।

Leave a Reply