
कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार द्वारा भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने के बाद अब सह-मेजबान श्रीलंका ने इस फैसले पर गहरी नाराजगी जताई है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को दो पन्नों का सख्त पत्र भेजकर पाकिस्तान को न सिर्फ क्रिकेटिंग रिश्तों की याद दिलाई, बल्कि 2009 के लाहौर आतंकी हमले का भी जिक्र कर भावनात्मक और कड़ा संदेश दे दिया।
श्रीलंका ने साफ कहा है कि पाकिस्तान का यह कदम उनके लिए धोखा और खेल भावना के खिलाफ है, क्योंकि जब पाकिस्तान संकट में था, तब श्रीलंका ने ही सबसे पहले आगे बढ़कर वहां क्रिकेट की वापसी कराई थी।
श्रीलंका का साफ संदेश: मैच रद्द हुआ तो भारी नुकसान होगा
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने पत्र में लिखा है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने की स्थिति में श्रीलंका को भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ेगा। इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय छवि को भी गहरा झटका लगेगा।
श्रीलंका ने कहा कि यह मुकाबला केवल क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि विश्व कप का सबसे बड़ा आकर्षण है, जिसके लिए दुनिया भर के दर्शक और पर्यटक कोलंबो पहुंचने की तैयारी कर चुके हैं।
2009 का काला दिन याद दिलाया
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने पत्र में पाकिस्तान को उस भयावह घटना की याद दिलाई, जब 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकी हमला हुआ था।
पत्र में लिखा गया कि उस हमले में श्रीलंकाई खिलाड़ी और अधिकारी घायल हुए थे और उनके जख्म आज भी ताजा हैं। इसके बावजूद श्रीलंका ने पाकिस्तान से रिश्ते नहीं तोड़े और दोस्ती निभाई।
श्रीलंका ने साफ कहा कि जब दुनिया की बड़ी टीमें पाकिस्तान दौरे से बच रही थीं, तब श्रीलंका ही वह देश था जिसने पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को दोबारा जिंदा करने का साहस दिखाया।
2019 में पाकिस्तान में टेस्ट खेलने वाली पहली टीम था श्रीलंका
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि 10 साल के लंबे अंतराल के बाद पाकिस्तान में टेस्ट मैच खेलने वाली पहली टीम श्रीलंका ही थी।
श्रीलंका ने पाकिस्तान को याद दिलाया कि उन्होंने 2019 में पाकिस्तान जाकर टेस्ट खेला, जबकि सुरक्षा को लेकर उस समय भी माहौल बेहद संवेदनशील था। यह फैसला सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि दोस्ती और भरोसे के लिए लिया गया था।
पर्यटन पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, होटल बुकिंग कैंसिल
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने चेतावनी दी है कि भारत-पाकिस्तान मैच के रद्द होने की खबरों मात्र से कोलंबो में होटल बुकिंग कैंसिल होने लगी हैं।
पत्र के मुताबिक मुकाबले के टिकट पहले ही पूरी तरह बिक चुके हैं और फैंस में जबरदस्त उत्साह है। अगर मैच नहीं हुआ तो श्रीलंका को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यह बेहद नकारात्मक संदेश जाएगा।
‘जब पाकिस्तान को जरूरत थी, हम साथ खड़े थे’
श्रीलंका ने पाकिस्तान से स्पिरिट ऑफ रेसिप्रोसिटी यानी ‘एक-दूसरे का साथ निभाने की भावना’ की मांग की।
SLC ने कहा कि जब पाकिस्तान मुश्किल दौर में था, तब श्रीलंका ने बिना डरे वहां जाकर क्रिकेट खेला। अब जब श्रीलंका मेजबान देश है और सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं, तो पाकिस्तान को भी खेल भावना दिखानी चाहिए।
PCB और पाकिस्तान सरकार से फैसला बदलने की अपील
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी और पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया है कि वे लाखों क्रिकेट प्रशंसकों और खेल के व्यापक हित को देखते हुए अपने फैसले पर पुनर्विचार करें।
श्रीलंका की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश का पर्यटन सेक्टर पहले ही इस अनिश्चितता की कीमत चुका रहा है और अब स्थिति गंभीर होती जा रही है।
अब गेंद पाकिस्तान के पाले में
श्रीलंका ने साफ संकेत दे दिया है कि पाकिस्तान का यह बहिष्कार फैसला सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि रिश्तों और भरोसे पर भी चोट है। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान अपने पुराने दोस्त की अपील को मानता है या फिर अपने फैसले पर अड़ा रहता है।