Thursday, February 5

आगरा में भाई ने पैसों के विवाद में बहन की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू की

आगरा: ताजनगरी आगरा में पैसों के विवाद ने एक परिवार के लिए खौफनाक मोड़ ले लिया। थाना शाहगंज के अयोध्या कुंज इलाके में बुधवार रात लगभग 10.30 बजे 55 वर्षीय अनीता की उनके सगे भाई हरी सिंह उर्फ रवि ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में कुल तीन लोग शामिल थे, जो घटना के बाद फरार हैं।

This slideshow requires JavaScript.

अनीता के पति श्याम सिंह ने बताया कि वह रात को एक सगाई समारोह से लौट रहे थे। उनके अनुसार, हरी सिंह अक्सर अनीता से पैसे की मांग करता रहता था। उन्होंने कहा कि हरी सिंह की जमानत कराने में भी उनके पैसे खर्च हुए थे।

श्याम सिंह ने आगे बताया कि रात को तीनों आरोपी उनके घर बिजली खराब होने का बहाना बनाकर आए। उनके भतीजे ने दरवाजा खोला, तो दो लोगों ने उनके कमर पर तमंचा तान दिया। इसी बीच हरी सिंह ने सोती हुई अनीता के सिर में गोली मारी, जो उनके सिर से होकर निकल गई। घायल अवस्था में अनीता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चार घंटे तक इलाज के बावजूद उनकी मौत हो गई।

डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने हत्यारों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पैसे के लेन-देन को लेकर मृतका और आरोपी के बीच विवाद चल रहा था और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply