
गाजियाबाद (विभु मिश्रा): दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में तीन सगी बहनों द्वारा नौंवी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े सुसाइड नोट और डायरी में बहनों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए लिखा, “हम कोरिया नहीं छोड़ सकते, कोरिया ही हमारी जिंदगी है। आप हमें आजाद नहीं कर सकते। हम अपनी जान दे रही हैं।”
पुलिस की जांच में शुरुआती सूचना के अनुसार, बच्चियां एक ऑनलाइन कोरियन गेम से जुड़ी थीं और उन्होंने इसके लिए कोरियन नाम अपनाए थे। हालांकि, एडिशनल कमिश्नर केशव चौधरी ने स्पष्ट किया है कि किसी कोरियन गेम से आत्महत्या का सीधा संबंध अभी तक साबित नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं और मोबाइल फोन की आदी थीं। परिवार द्वारा मोबाइल फोन रोकने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया।”
परिजन भी इस मामले में चौंक गए हैं और उनका कहना है कि उन्हें बच्चियों के गेम खेलने की जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि अगर उन्हें पता होता तो वे इसे अनुमति नहीं देते।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि तीनों बहनें पिछले दो वर्षों से स्कूल नहीं जा रही थीं। कमजोर पढ़ाई और आर्थिक परेशानियों के चलते वे घर पर ही रह रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दे रही है।