
गौतमबुद्ध नगर, नोएडा: उत्तर प्रदेश में 108 एम्बुलेंस सेवा ने एक बार फिर अपने जीवनरक्षक अभियान की पुष्टि की। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में शारीरिक हमले की शिकार 33 वर्षीय महिला को समय पर इलाज देकर जीवन बचाया गया, वहीं गौतमबुद्ध नगर में रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराकर एक नवजात और उसकी मां की जान बचाई गई।
संजीवनी बनी आपातकालीन सेवा
रबूपुरा में रहने वाली महिला की हालत अचानक गंभीर हो गई। परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। UP32 EG 4783 नंबर की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार देकर महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया। एम्बुलेंस में तैनात EMT सतेंद्र कुमार ने पूरी मानवीय संवेदना और कुशलता के साथ मरीज की देखभाल की। PHC पर ERCP डॉक्टर प्रेमचंद्र ने तत्काल परामर्श और डायक्लोफेनाक इंजेक्शन देकर महिला की जान बचाई।
एम्बुलेंस में ही हुआ सुरक्षित प्रसव
वहीं, हैबतपुर, विशरख निवासी 21 वर्षीय अंजली को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर 108 एम्बुलेंस बुलाई गई। रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज होने पर EMT जगपाल, पायलट विकास और परिजनों ने मिलकर एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। अंजली ने स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। बाद में मां और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख में भर्ती कराया गया, जहां दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
108 सेवा की सराहना
स्थानीय नागरिकों और स्वास्थ्य विभाग ने 108 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता, प्रशिक्षित स्टाफ और समर्पण की प्रशंसा की। जिला एम्बुलेंस प्रभारी सत्यवीर सिंह ने त्वरित रिस्पांस की सराहना की। ऑपरेशन हेड रोचक चौहान, जिला प्रोग्राम मैनेजर शेखर और EMT सतवीर ने उत्कृष्ट कार्य के लिए एम्बुलेंस कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही।