
पटना: बिहार विधानसभा में मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-2027 का बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने 3,47,589 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यह बजट प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बजट सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को सफल बनाने में मददगार होगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि बिहार का समग्र विकास तेज गति से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा, “यह बजट बिहार वासियों की आकांक्षाओं का बजट है, जिसमें प्रत्येक बिहारी के सम्मान और राज्य के विकास का स्पष्ट ब्लूप्रिंट समाहित है।”
नीतीश कुमार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया और कहा कि पिछले पांच वर्षों में उच्च शिक्षा संस्थानों में नामांकन दर में 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि यह दर्शाती है कि शिक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट विकसित बिहार का संकल्प पूरा करने वाला बजट है। यह न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित है और समाज के सभी वर्गों—किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं—का विशेष ख्याल रखता है। यह सम्पूर्ण, समावेशी और विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है।”