
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। नौहझील स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य जान मोहम्मद पर बच्चों को जबरन नमाज पढ़ाने और राष्ट्रगान पर रोक लगाने के आरोप लगे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भाजपा बाजना मंडल अध्यक्ष दुर्गेश प्रधान की शिकायत के अनुसार, जान मोहम्मद लंबे समय से बच्चों को इस्लाम धर्म की ओर प्रेरित कर रहा था। आरोप है कि विद्यालय परिसर में बाहरी तबलीगी जमात के लोगों को बुलाया जाता था, जो बच्चों पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालते थे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रगान के समय अगर कोई बच्चा गाने की कोशिश करता तो हेडमास्टर उसे डांट देता था और स्वयं भी खड़ा नहीं होता था। इसके अलावा, हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और स्थानीय महिलाओं के प्रति संदिग्ध व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है।
बीएसए मथुरा ने खंड शिक्षा अधिकारियों की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाचार्य को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी को प्राथमिक विद्यालय नगला हुमायूं, मांट से संबद्ध किया गया है। बीईओ छाता और बीईओ मांट की दो सदस्यीय समिति को विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों को किसी विशेष धर्म की ओर प्रेरित करना और राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े न होने देना गंभीर मामला है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।