
बेगूसराय: बिहार में आज से इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू हो गईं, लेकिन पहले दिन ही एक परीक्षा केंद्र पर हंगामा देखने को मिला। बेगूसराय के एक परीक्षा केंद्र में समय पर नहीं पहुंचे कुछ छात्रों ने गेट फांदकर प्रवेश करने की कोशिश की और गेट तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने छात्रों को खदेड़ने के लिए लाठियां चलानी पड़ी। हालांकि इसी दौरान कई छात्र परीक्षा केंद्र में दाखिल होने में सफल रहे।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होनी थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि छात्रों को 9:00 बजे से पहले केंद्र में पहुंचना आवश्यक है। नियम के तहत समय पर पहुंचे छात्रों को परीक्षा में प्रवेश दिया गया, जबकि देर से आए लगभग दर्जन भर छात्रों को मुख्य द्वार बंद मिला। इससे नाराज होकर उन्होंने हंगामा किया और गेट फांदने का प्रयास किया।
बेगूसराय में कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 38,000 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने हर परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बल तैनात किए हैं, ताकि परीक्षाएं कदाचार-मुक्त ढंग से संचालित हो सकें।
सुरक्षा नियमों के तहत परीक्षा केंद्र में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा छात्रों को जूते पहनकर परीक्षा हाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। पहले दिन कुछ छात्रों ने जूते पहनकर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिन्हें बाहर जूते उतारने के लिए कहा गया और परीक्षा हाल में नंगे पैर प्रवेश दिया गया।