
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में एक ढाबे पर खाना परोसने में हुई देरी मामूली विवाद से खूनी संघर्ष में बदल गई। ढाबा मालिक और उसके कर्मचारियों ने मिलकर दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ढाबा मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो अन्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा गया।
पुलिस उपायुक्त (ट्रांस-हिंडन) निमिष पाटिल ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात की है। मृतकों की पहचान श्रीपाल (23) और सत्यम (26) के रूप में हुई है, जबकि अनुराग (24) गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, श्रीपाल, सत्यम और अनुराग ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। खाना परोसने में देरी को लेकर कहासुनी हो गई, जिसमें गुस्से में एक युवक ने ढाबे के स्टाफ सदस्य को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों युवक ढाबे के पीछे गली की ओर चले गए।
इसी दौरान ढाबा मालिक धर्मेंद्र (45) और उसके कर्मचारियों ने गुस्से में उनका पीछा किया और लाठियों व रसोई के बड़े चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में श्रीपाल और सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अनुराग को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने ढाबा मालिक धर्मेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
देर रात पुलिस मुठभेड़, दो और आरोपी गिरफ्तार
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो अन्य आरोपी सचिन और राजन खोड़ा इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक से आ रहे आरोपियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
CCTV में दिखी खौफनाक वारदात
मृतक श्रीपाल के भाई गोपाल ने बताया कि पुलिस द्वारा दिखाए गए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि सभी आरोपियों के हाथों में बड़े चाकू थे। दो आरोपी श्रीपाल के हाथ पकड़कर उसकी गर्दन जमीन की ओर दबाए हुए थे, जबकि दो अन्य आरोपी लगातार चाकू से हमला कर रहे थे। सिर, हाथ और पीठ पर कई वार किए गए, जिनमें से दो चाकू शरीर के आरपार निकल गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें केवल एक फुटेज दिखाया है, जिसमें सिर्फ श्रीपाल पर हमला होता दिखाई देता है, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य दो युवक फुटेज में नजर नहीं आ रहे।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।