Wednesday, January 28

तेजस्वी यादव, मीरा कुमार और शत्रुघ्न सिन्हा की सुरक्षा में कटौती, गिरिराज और नितिन नवीन का बढ़ा कद

बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक पुनर्मूल्यांकन किया है। 16 जनवरी, 2026 को हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद जारी आदेश के अनुसार कई नेताओं की सुरक्षा श्रेणियों में बड़े बदलाव किए गए हैं। इनमें कुछ नेताओं की सुरक्षा घटाई गई है, तो कुछ को और सशक्त सुरक्षा दी गई है।

This slideshow requires JavaScript.

तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कटौती
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा जेड (Z) श्रेणी से घटाकर वाई प्लस (Y+) कर दी गई है। हालांकि विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि उन्हें एस्कॉर्ट वाहन की सुविधा जारी रहेगी।

गिरिराज सिंह और नितिन नवीन का बढ़ा कद
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए उन्हें वाई प्लस (Y+) श्रेणी के साथ विशेष एस्कॉर्ट गाड़ी प्रदान की गई है। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को अब जेड (Z) लेवल की सुरक्षा और बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडे और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह को भी जेड (Z) श्रेणी की उच्च सुरक्षा प्रदान की गई है।

पूर्व नेताओं की सुरक्षा में कटौती
सुरक्षा पुनर्मूल्यांकन में पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की सुरक्षा जेड (Z) से घटाकर वाई (Y) श्रेणी कर दी गई है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की सुरक्षा को वाई प्लस (Y+) से घटाकर एक्स (X) श्रेणी में रखा गया है। इसी तरह पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और कांग्रेस के पूर्व विधायक शकील अहमद की सुरक्षा भी केवल एक्स (X) श्रेणी में रह गई है।

सुरक्षा पूरी तरह समाप्त
गृह विभाग ने कुछ कद्दावर नेताओं की सुरक्षा को अनावश्यक मानते हुए पूरी तरह वापस ले लिया है। इसमें कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान पार्षद मदन मोहन झा, और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हैं। अब इनके पास कोई सरकारी सुरक्षा घेरा नहीं रहेगा।

अन्य नेताओं में जमुई सांसद अरुण भारती को वाई प्लस (Y+), अख्तरुल इमान को वाई (Y) श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह को वाई (Y) श्रेणी के साथ एस्कॉर्ट वाहन मिला है, जबकि जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन को पहली बार एक्स (X) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।

बिहार में नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में यह बड़ा फेरबदल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply