Friday, February 27

Redmi Pad 2 Pro 5G: 27 दिन का अनुभव — डिस्प्ले और बैटरी ने किया प्रभावित, कुछ फीचर्स लगे औसत

Redmi Pad 2 Pro का वाई-फाई वेरिएंट 24,999 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 5G मॉडल की शुरुआती कीमत 27,999 रुपये है। इस टैबलेट की मुख्य खासियत इसकी बिल्ड क्वालिटी, डिस्प्ले और बैटरी हैं।

This slideshow requires JavaScript.

टैबलेट का पिछला हिस्सा एल्यूमीनियम अलॉय से बना है और बैक कैमरा मॉड्यूल को एक अलग पैटर्न के साथ डिज़ाइन किया गया है। यदि आप नया टैबलेट खरीदने का सोच रहे हैं, तो आमतौर पर आपकी प्राथमिकताएँ अच्छी डिस्प्ले, दमदार बैटरी और संतोषजनक परफॉर्मेंस होंगी। 25–30 हजार रुपये की रेंज में Redmi Pad 2 Pro 5G इन सभी मानकों पर खरा उतरता है। मैंने इस टैब को 27 दिनों तक इस्तेमाल किया और इसके अच्छे और औसत फीचर्स का अनुभव साझा कर रहा हूँ।

मजबूत, प्रीमियम लेकिन भारी
Pad 2 Pro 5G का डिजाइन प्रीमियम और मजबूत है। इसका वजन 600 ग्राम से अधिक है, जो लंबे समय तक हाथ में पकड़ने पर थोड़ा भारी लगता है, खासकर बच्चों के लिए। इसका मोटा वजन 12,000mAh की बड़ी बैटरी की वजह से है। फिर भी, 7.5mm की स्लिकनेस और बड़े डिस्प्ले के बावजूद इसे पकड़ना आसान है।

डिस्प्ले में कोई शिकायत नहीं
इस टैब में 12.1 इंच का 2.5K क्रिस्टल क्लियर डिस्प्ले है, जिसका रेज़ॉल्यूशन 2560×1600 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले कलर और कॉन्ट्रास्ट संतुलित हैं और आंखों को आरामदायक महसूस होते हैं। इसमें TUV Rheinland फिल्टर है जो आंखों की सुरक्षा करता है। वेट टच टेक्नोलॉजी के कारण गीली उंगलियों से भी स्क्रॉल करना संभव है।

परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर
Redmi Pad 2 Pro 5G में Snapdragon 7S Gen 4 चिपसेट, Adreno 810 GPU, 8GB RAM और 128/256GB स्टोरेज (UFS 2.2) है। इसकी परफॉर्मेंस डेली टास्क से लेकर कुछ हैवी ऐप्स और हल्के गेमिंग तक बेहतरीन है। टैब एंड्रॉयड आधारित Xiaomi HyperOS 2 पर चलता है। हालांकि, सॉफ्टवेयर और लेआउट में थोड़ा सुधार किया जा सकता है।

बैटरी और चार्जिंग
12,000mAh की बैटरी एक बार चार्ज होने पर 2 दिनों तक आसानी से चलती है। यह 33W फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है। मेरा मानना है कि चार्जिंग स्पीड 45W तक बढ़ाई जा सकती थी।

कैमरा और अन्य फीचर्स
Pad 2 Pro 5G में 13MP का बैक और 8MP का फ्रंट कैमरा है। रोजाना वीडियो कॉल और ऑनलाइन क्लास के लिए यह पर्याप्त हैं, लेकिन फोटोग्राफी के लिए औसत हैं। चार स्पीकर्स और डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट से ऑडियो क्वालिटी बेहतरीन है। 3.5mm हेडफोन जैक अब भी मौजूद है।

निष्कर्ष
अगर आप 25–30 हजार रुपये की रेंज में टैबलेट खरीदने का सोच रहे हैं, तो Redmi Pad 2 Pro 5G एक भरोसेमंद विकल्प है।

अच्छा: बिल्ड क्वालिटी, डिस्प्ले, बैटरी, परफॉर्मेंस
औसत: कैमरा, सॉफ्टवेयर, चार्जिंग स्पीड

 

Leave a Reply