
लालगंज (NBT NEWS DESK)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए वैशाली जिले की लालगंज विधानसभा सीट पर मतगणना शुरू हो चुकी है। इस बार का मुकाबला मुख्य रूप से महागठबंधन और एनडीए के बीच है। लालगंज सीट पर राजद से शिवानी शुक्ला और भाजपा से संजय कुमार सिंह आमने-सामने हैं।
मतगणना के ताजा रुझान:
- 10:15AM अपडेट: दूसरे राउंड की गिनती के बाद राजद की शिवानी शुक्ला ने 2509 वोटों की बढ़त बना ली है। इस समय शिवानी को 8785 वोट और भाजपा के संजय कुमार सिंह को 6276 वोट मिले हैं।
- 9:40AM अपडेट: पहले राउंड में भी शिवानी ने 2157 वोटों की बढ़त बनाई थी। इस राउंड में राजद की शिवानी 4900 वोटों के साथ आगे, जबकि भाजपा के संजय कुमार सिंह को 2743 वोट मिले। जनसुराज के अमर कुमार को 108 वोट और आम आदमी पार्टी के राजेंद्र प्रसाद को 117 वोट मिले।
- मतगणना प्रक्रिया: सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की काउंटिंग शुरू हुई, उसके बाद ईवीएम की गिनती की जा रही है।
कौन हैं शिवानी शुक्ला:
शिवानी शुक्ला 29 वर्ष की हैं और लंदन से कानून में स्नातक हैं। वे बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की बेटी हैं, जो वर्तमान में जेल में हैं। शिवानी की मां अन्नू शुक्ला भी पूर्व में विधायक रह चुकी हैं। इस बार शिवानी की राजनीति में एंट्री उनके पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के रूप में देखी जा रही है।
लालगंज विधानसभा का चुनाव इतिहास:
1967 के परिसीमन के बाद लालगंज में अब तक 14 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इसमें कांग्रेस ने चार बार जीत हासिल की, जनता दल, जेडीयू और एलजेपी ने दो-दो बार जीत दर्ज की। भाजपा ने पहली बार यह सीट 2020 में जीती थी।
इस समय पूरे लालगंज की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं कि क्या शिवानी शुक्ला अपनी बढ़त को जीत में बदल पाएंगी या भाजपा का प्रत्याशी संजय कुमार सिंह वापसी करने में सफल होंगे।