
नई दिल्ली: दुनिया के टॉप अमीरों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने अपनी पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स की चैरिटी संस्था पिवोटल फिलैंथ्रोपीज फाउंडेशन को करीब 8 अरब डॉलर (लगभग ₹7,22,14,68,00,000) का बड़ा दान दिया है। यह दान दोनों के तलाक के लगभग तीन साल बाद 2024 के अंत में ट्रांसफर किया गया।
फाउंडेशन के प्रवक्ता ने बताया कि यह दान बिल और मेलिंडा गेट्स के बीच हुए 12.5 अरब डॉलर के वित्तीय समझौते का हिस्सा है, जो अब पूरी तरह से पूरा हो चुका है। 2024 में पिवोटल फिलैंथ्रोपीज ने विभिन्न परोपकारी कार्यों के लिए 875 मिलियन डॉलर वितरित किए।
मेलिंडा ने मई 2024 में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन से औपचारिक रूप से अलग होने का फैसला किया था। दोनों का तलाक 2021 में हुआ था। मेलिंडा ने इसके एक साल बाद पिवोटल फिलैंथ्रोपीज फाउंडेशन की स्थापना की।
गेट्स दंपति के अलगाव की वजह 2019 में बिल गेट्स के माइक्रोसॉफ्ट की महिला कर्मचारी के साथ अफेयर का खुलासा था। इसके बाद बिल गेट्स ने मार्च 2020 में कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया और अपने परोपकारी कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने लगे।
ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के अनुसार, बिल गेट्स की वर्तमान नेटवर्थ 118 अरब डॉलर है, जबकि मेलिंडा की नेटवर्थ 17.6 अरब डॉलर है।