
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाकर दिल्ली लौट आए हैं। गंभीर जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम से जुड़ेंगे। यह सीरीज 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू हो रही है।
साउथ अफ्रीका के चुनौतीपूर्ण दौरे में भारतीय टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। टेस्ट सीरीज में भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि वनडे और टी20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम ने शानदार जीत दर्ज की। इसी दौरे के बाद गंभीर ने अपनी बेटियों के साथ छुट्टियां बिताई। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट पर फोन पर बात करते हुए नजर आए।
इस बीच टीम चयन को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और मुख्य चयनकर्ता कृष्णमचारी श्रीकांत ने न्यूजीलैंड सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल न करने पर नाराजगी जताई। श्रीकांत का कहना है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ गायकवाड़ के 105 रन (83 गेंद) की शतकीय पारी के बावजूद उन्हें टीम में जगह न देना गलत फैसला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “शायद ऋतुराज को अब यह कहना पड़ेगा कि उन्होंने धोनी के साथ खेला है और वे कीपिंग भी कर सकते हैं, तभी शायद उन्हें मौका मिले। शतक लगाने के बावजूद उन्हें 15 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिली, यह निराशाजनक है। उन्हें नितीश कुमार रेड्डी की जगह टीम में होना चाहिए था।”
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में चोट से उबरकर लौटे श्रेयस अय्यर को सीधे टीम में शामिल किया गया है और उन्हें उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। श्रीकांत ने कहा कि अब गायकवाड़ को फिर से घरेलू क्रिकेट में बड़े स्कोर बनाने होंगे, क्योंकि चयनकर्ताओं ने उनका पिछला शतक भूल चुके हैं।
