
रांची: झारखंड उच्च न्यायालय की मेजबानी में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शनिवार को भव्य उद्घाटन हुआ। खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निकी प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय और न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी भी उपस्थित थे।
मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और सहयोग को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसे आयोजन न्यायपालिका के सदस्यों को अपने दायित्वों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
प्रतियोगिता में 9 उच्च न्यायालयों के 31 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं
देश के झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, ओडिशा, बॉम्बे, राजस्थान, केरल और कर्नाटक उच्च न्यायालयों के कुल 31 न्यायाधीश इस प्रतियोगिता में शामिल हैं। इसका उद्देश्य न्यायपालिका के पदाधिकारियों में खेल भावना, आपसी सौहार्द और शारीरिक–मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में मुकाबले
प्रतियोगिता में चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उच्च न्यायालय ने प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई हैं।
जिला प्रशासन को भी मिला सम्मान
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला प्रशासन, रांची के उत्कृष्ट प्रबंधन और समन्वय की सराहना की गई। न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय की ओर से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को प्रतियोगिता में सहयोग एवं कुशल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट 3 से 4 जनवरी तक ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रांची में आयोजित किया जा रहा है।