
नई दिल्ली: पेशाब रोकने की आदत महिलाओं और पुरुषों में यूटीआई (UTI) इंफेक्शन का खतरा बढ़ा सकती है। इसका दर्दनाक उदाहरण सामने आया है, जहां 28 साल की एक जवान महिला अपने शरीर में फैल चुके संक्रमण के कारण डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद नहीं बच सकीं।
मामला क्या था?
महिला कॉर्पोरेट वर्कर थीं और रोज़ाना ऑफिस आने-जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करती थीं। कई बार सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय उपलब्ध न होने के कारण वह यूरिन रोककर रखती थीं। इस आदत के चलते उन्हें यूटीआई का तीसरा एपिसोड झेलना पड़ा। जब महिला डॉक्टर अदिति शर्मा के पास पहुंचीं, तो इंफेक्शन खून में फैल चुका था और उनकी जान चली गई।
डॉक्टर अदिति ने बताया कि पेशाब रोकना सिर्फ असुविधाजनक नहीं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या आजकल महिलाओं और पुरुषों दोनों में आम हो गई है।
यूटीआई से बचने के उपाय
- पानी पीना बंद न करें: पर्याप्त पानी पीते रहें। घर से निकलने से पहले पेशाब कर लें और ऑफिस पहुंचते ही तुरंत पेशाब करें।
- स्टैंड एंड पी डिवाइस का इस्तेमाल: महिलाएं स्टैंडिंग पी डिवाइस का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह गंदी जगहों पर भी पेशाब करने में मदद करता है और संक्रमण से बचाता है। यह डिवाइस रियूजेबल और नॉन-रियूजेबल फॉर्मेट में उपलब्ध हैं।
- लक्षणों को नजरअंदाज न करें: पेशाब में जलन, गंध या कम पेशाब होना जैसी छोटी समस्याओं को अनदेखा न करें। समय पर डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
डॉक्टर की सलाह
डॉक्टर अदिति ने चेताया कि छोटी-छोटी आदतें जैसे पेशाब रोकना, गंभीर स्वास्थ्य संकट में बदल सकती हैं। इसलिए समय रहते सावधानी बरतें और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: लेख में दी गई जानकारी इंस्टाग्राम रील पर आधारित है। एनबीटी इसकी सत्यता या असर की जिम्मेदारी नहीं लेता। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।