जबलपुर में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर से नीचे गिरा हाईवा, बाइक सवार और चालक की मौत, कार सवार परिवार बाल-बाल बचा
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शाहपुरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर रहा एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर बाउंड्री तोड़ते हुए नीचे साइड रोड पर जा गिरा। इस हादसे में हाईवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि हाईवा चालक ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। वहीं, सड़क से गुजर रही एक कार हादसे के महज एक सेकंड के अंतर से बच गई, हालांकि उसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुआ हादसा
पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर के अनुसार शाहपुरा थाना अंतर्गत फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगा हाईवा दोपहर करीब तीन बजे अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे नीचे साइड रोड पर गिर गया। हादसे के समय साइड रोड से एक मोटरसाइकिल और कार गुजर रही थी, जो हाईवा की चपेट में आ गई।
बाइक...










