


इंदौर। शहर के विभिन्न क्षेत्रों की तरह SCME नं. 71, गुमस्ता नगर में भी जियो फाइबर एवं एयरटेल फाइबर के पुराने एवं अनुपयोगी इंटरनेट तारों का जाल क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। मकानों की छतों, बिजली के खंभों एवं सड़कों के ऊपर अव्यवस्थित तरीके से फैले और नीचे तक लटक रहे तार कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में इन तारों के बिजली की मुख्य लाइनों के संपर्क में आने की आशंका ने रहवासियों की चिंता और बढ़ा दी है।
































SCME नं. 71, गुमस्ता नगर के रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जियो फाइबर एवं एयरटेल फाइबर द्वारा बिछाए गए पुराने एवं अनुपयोगी इंटरनेट तार लंबे समय से दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। कई स्थानों पर तार मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जबकि कई जगह सड़क के काफी नीचे तक लटक रहे हैं। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों, बुजुर्गों, पैदल राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों के लिए हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
रहवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान इंटरनेट के कई तार बिजली की मुख्य लाइनों के समानांतर अथवा उनके बेहद निकट दिखाई देते हैं। लोगों में आशंका है कि यदि किसी कारणवश इन तारों में करंट प्रवाहित हो गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित कंपनियों द्वारा इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार उन्होंने कई बार जियो फाइबर एवं एयरटेल फाइबर के तकनीशियनों से पुराने एवं अनुपयोगी तार हटाने की शिकायत की, लेकिन शिकायत मिलने पर तकनीशियन केवल बंद पड़े कनेक्शन की जांच कर वापस लौट जाते हैं। क्षेत्र में फैले पुराने एवं बेकार तारों को हटाने की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
रहवासियों का आरोप है कि जब इस विषय पर अधिक जोर देकर शिकायत की जाती है तो कुछ कर्मचारियों द्वारा यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि “जहां शिकायत करनी है कर दीजिए, तार नहीं हटेंगे।” इस कथित रवैये से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यदि इन लापरवाहियों के कारण भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित निजी सेवा प्रदाता इसकी जवाबदेही स्वीकार करेंगे? इसी प्रश्न को लेकर अब क्षेत्रवासी जियो फाइबर एवं एयरटेल फाइबर के विरुद्ध जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत देने की तैयारी कर रहे हैं।
रहवासियों ने इंदौर नगर निगम से भी सवाल किया है कि जब निगम नियमित रूप से संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) वसूलता है, तो नागरिकों की सुरक्षा एवं सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन लटकते एवं अनुपयोगी तारों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्र की सामाजिक कार्यकर्ता, निवर्हा फाउंडेशन की जिलाध्यक्ष एवं जनसुनवाई अधिकारी डॉ. आर. जैन ने एसडी न्यूज़ एजेंसी से चर्चा में बताया कि क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जियो फाइबर, एयरटेल फाइबर, नगर निगम एवं संबंधित विभागों को तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर क्षेत्र में फैले अनुपयोगी एवं लटकते तारों को हटाना चाहिए। यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना होती है, तो संबंधित सेवा प्रदाताओं एवं जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जियो फाइबर एवं एयरटेल फाइबर के पुराने और अनुपयोगी तारों को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की अव्यवस्था पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।


