

भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री आलोक शर्मा ने आज शिवाजी नगर स्थित सामुदायिक भवन में अभ्यांशिका सोसाइटी एवं कला भारती समिति द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय आदिवासी नृत्य एवं संगोष्ठी तथा लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद श्री शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने आदिवासी लोकनृत्य कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए अपनी सांसद निधि से सभी कलाकारों को ₹5,000-₹5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर सांसद श्री आलोक शर्मा ने कहा कि, “आदिवासी संस्कृति भारत की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक आत्मा का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।”
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “अहिल्याबाई होल्कर सुशासन, सेवा, न्याय और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की अद्वितीय प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
क्रम के प्रारंभ में पार्षद श्रीमती शिखा मोनू गोहल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री आलोक शर्मा सहित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनसमुदाय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ते हैं।
अभ्यांशिका सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि, “संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय लोक संस्कृति एवं महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।” उन्होंने आयोजन हेतु अनुदान प्रदान करने के लिए संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए पूर्व नगर निगम कमिश्नर श्री विनोद शुक्ला के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती शिखा मोनू गोहल, पूर्व नगर निगम कमिश्नर श्री विनोद शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रफुल्ल मिश्रा, संस्था संरक्षक श्री शंकर यादव, कला भारती समिति के अध्यक्ष श्री राजेंद्र कुशवाहा, अभ्यांशिका सोसाइटी के सदस्य श्री बलिस्ता रावत,पूर्व पार्षद श्री मोनू गोहल, श्री दुर्गेश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।


