
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद मुसलमानों को संबोधित करते हुए राजनीतिक दृष्टिकोण बदलने और सांप्रदायिकता से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। वीडियो की तारीख और स्थान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्या कहा सांसद ने
वायरल वीडियो में इमरान मसूद कहते नजर आ रहे हैं कि लंबे समय तक यह धारणा रही कि मुसलमानों के समर्थन के बिना कोई सरकार नहीं बन सकती। लेकिन अब यह सोच बदल चुकी है। उन्होंने कहा:
“हम इस मुगालते में रहे कि हमारे बिना सरकार नहीं बनेगी। नरेंद्र मोदी सरकार ने हमारे इस भ्रम को दूर कर दिया। अब सरकार आपके बिना ही बन रही है। दूध में से मक्खी की तरह निकाल कर बाहर फेंक दिया गया।”
सांसद ने आगे कहा कि मुस्लिम समाज को भावनात्मक फैसलों की बजाय व्यावहारिक और दूरदर्शी निर्णय लेने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाज सांप्रदायिक सोच में उलझा रहेगा तो राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना पड़ेगा।
सांप्रदायिकता सबके लिए नुकसानदेह
इमरान मसूद ने कहा कि सांप्रदायिकता किसी एक पक्ष के लिए ही नहीं, बल्कि सभी के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी की राजनीति सांप्रदायिक मुद्दों पर आधारित है, लेकिन अल्पसंख्यक समाज के लिए यही रास्ता लाभकारी नहीं हो सकता।
सांसद ने मुस्लिम समाज से आग्रह किया कि वे राजनीतिक स्थिति को समझें, आत्ममंथन करें और बदलते राजनीतिक परिदृश्य के अनुसार सावधान और सोच-समझकर निर्णय लें।
