
नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में उस समय माहौल हल्का और खुशनुमा हो गया, जब गूगल के सीईओ Sundar Pichai ने मंच से मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उद्योगपति Harsh Goenka ने जब उनसे पूछा कि आप इस एआई समिट में क्यों आए हैं, तो पिचाई ने मुस्कुराते हुए कहा—
“मेरा नाम सुंदर है… और मैं यहां Pitch-AI के लिए आया हूं।”
उनकी इस चुटीली टिप्पणी पर सभागार में मौजूद मेहमान ठहाकों से गूंज उठे। गोयनका ने इस पल को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा किया।
एआई के भविष्य पर गंभीर संदेश
मजाकिया अंदाज के बाद सुंदर पिचाई ने एआई के भविष्य पर गंभीर बात भी रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया एक नई तकनीकी क्रांति की शुरुआत में है, लेकिन बेहतर परिणाम अपने आप सुनिश्चित नहीं होंगे। इसके लिए सरकारों, कंपनियों और समाज को मिलकर काम करना होगा, ताकि एआई के फायदे हर व्यक्ति और हर क्षेत्र तक पहुंच सकें।
उन्होंने अमेरिका-भारत साझेदारी को अहम बताते हुए कहा कि गूगल दोनों देशों के बीच एक सेतु की भूमिका निभा रहा है। भारत में विकसित इनोवेशन—जैसे डिजिटल पेमेंट समाधान—वैश्विक स्तर पर उत्पादों को बेहतर बना रहे हैं।
भारत के लिए ‘फुल-स्टैक’ कमिटमेंट
पिचाई ने कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में असाधारण प्रगति कर सकता है। गूगल प्रोडक्ट्स, स्किलिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के स्तर पर ‘फुल-स्टैक’ समर्थन दे रहा है।
उन्होंने बताया कि—
-
भारतीय डेवलपर समुदाय को सशक्त बनाने के लिए कई एआई मॉडल उपलब्ध कराए गए हैं।
-
सरकार के साथ मिलकर किसानों के लिए मॉनसून पूर्वानुमान और हेल्थकेयर में डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग पर काम हो रहा है।
-
अधिक भाषाओं में जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
भारतीय यूजर्स सबसे आगे
सुंदर पिचाई ने कहा कि भारतीय उपभोक्ता दुनिया में वॉइस और विजुअल सर्च अपनाने वालों में अग्रणी हैं। एआई सर्च और रोजमर्रा के डिजिटल अनुभव को पूरी तरह बदल रहा है।
एआई समिट में जहां वैश्विक नीतियों और साझेदारी पर गंभीर चर्चा हुई, वहीं सुंदर पिचाई के हल्के-फुल्के अंदाज ने यह भी दिखा दिया कि तकनीक की दुनिया के बड़े चेहरे भी मंच पर मुस्कुराहट बिखेर सकते हैं।
