Tuesday, February 17

हिंडन एयरपोर्ट की उड़ानें सिमटीं, एक साल में 13 रूट बंद

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से शुरू की गई नई उड़ान सेवाएं एक वर्ष के भीतर ही तेजी से सिमटती नजर आ रही हैं। बीते वर्ष जहां प्रतिदिन करीब 25 उड़ानों का संचालन हो रहा था, वहीं अब यह संख्या घटकर महज 12 रह गई है। उड़ानों में लगातार हो रही कटौती को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारी भी चिंता में हैं।

This slideshow requires JavaScript.

एयरपोर्ट निदेशक द्वारा इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस को सेवाएं बहाल करने के लिए कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जो उड़ानें फिलहाल संचालित हो रही हैं, उनमें लगभग 90 प्रतिशत सीटें भरकर जा रही हैं।

इन शहरों के लिए उड़ानें बंद

हिंडन एयरपोर्ट से जिन शहरों के लिए उड़ान सेवाएं बंद हो चुकी हैं, उनमें गोवा, कोलकाता, वाराणसी, पटना, जम्मू, चेन्नै, भुवनेश्वर, भटिंडा, किशनगढ़, जयपुर और लुधियाना शामिल हैं। इन रूट्स को बड़े स्तर पर लॉन्च किया गया था, लेकिन अब अधिकांश मार्गों पर उड़ानें बंद कर दी गई हैं।

फ्लाइट्स बंद होने के प्रमुख कारण

विशेषज्ञों के अनुसार, उड़ानें बंद होने के पीछे कई अहम कारण हैं। इनमें प्रमुख कारण यह है कि अधिकतर निजी एयरलाइंस कंपनियां प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के लिए स्लॉट पहले से बुक कर चुकी हैं, जिससे हिंडन एयरपोर्ट पर उनकी रुचि कम हो गई है।

इसके अलावा, सुरक्षा कारणों, कोहरे के मौसम में उड़ानों में बाधा, तथा मार्च के बाद लागू होने वाले ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (DTL) नियमों को भी उड़ानों में कटौती की बड़ी वजह माना जा रहा है। नए नियमों के कारण कई एयरलाइंस अपनी उड़ानों की संख्या घटाने की तैयारी में हैं।

फ्लाईबिग ने पूरी तरह बंद किया संचालन

निजी एयरलाइन फ्लाईबिग ने 6 सितंबर 2023 को लुधियाना, भटिंडा और देहरादून के लिए उड़ानें शुरू की थीं, हालांकि देहरादून की सेवा शुरू ही नहीं हो सकी। बाद में कंपनी ने देशभर में अपना संचालन बंद कर दिया, जिससे हिंडन से भटिंडा और लुधियाना की उड़ानें भी ठप हो गईं।

इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घटाई उड़ानें

पहले हिंडन एयरपोर्ट से इंडिगो की 8 उड़ानें संचालित हो रही थीं, लेकिन अब इनमें से केवल 7 उड़ानें ही चल रही हैं। वर्तमान में इंडिगो की उड़ानें पटना, कोलकाता, वाराणसी, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद के लिए संचालित हो रही हैं।

वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस अब केवल बेंगलुरु और मुंबई के लिए ही उड़ान सेवाएं दे रही है। आशंका जताई जा रही है कि मार्च तक उड़ानों में और कटौती हो सकती है।

मंत्री के वादे भी असर नहीं दिखा पाए

पिछले वर्ष जब एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक साथ 9 और इंडिगो ने 8 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की थीं, तब नागरिक उड्डयन मंत्री ने हिंडन एयरपोर्ट पर नई सुविधाएं विकसित करने का वादा किया था। लेकिन एक साल के भीतर ही उड़ानों में भारी गिरावट ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एयरपोर्ट निदेशक का बयान

हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक डॉ. चिलका महेश ने बताया कि कुछ एयरलाइंस ने गर्मियों के लिए स्लॉट बुक किए हैं, लेकिन अभी तक उनकी बुकिंग शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सेवाएं बहाल कराने के लिए एयरलाइंस को पत्र भेजा गया है, हालांकि अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

Leave a Reply