
नई दिल्ली: ‘द केरल स्टोरी’ के निर्देशक सुदीप्तो सेन की अगली फिल्म ‘चरक: आस्था का मेला’ का टीजर रिलीज हो चुका है। यह 52 सेकंड का टीजर भारतीय आस्था, तांत्रिक प्रथाओं और अंधविश्वास की भयावह झलक पेश करता है, जो देखते ही दर्शकों के मन में सिहरन पैदा कर देता है।
टीजर में दिखाया गया है कि कैसे चरक मेले में लोग अपने अधूरे इच्छाओं की पूर्ति के लिए अंधभक्ति और रहस्यमय अनुष्ठानों में लिप्त होते हैं। सबसे अधिक सिहरन पैदा करने वाला दृश्य वह है जिसमें एक तांत्रिक मृत शरीर को नोंचकर खाता दिख रहा है। इस दृश्य में सवाल उठाया गया है – “चरक में लाशों की भेंट क्यों चढ़ाते हैं?” जवाब में कहा गया है – “वो चाहें तो अपना जिगर का टुकड़ा भी हम काटकर दे सकते हैं।”
फिल्म में अंजली पाटिल, साहिदुर रहमान, सुब्रत दत्ता, शशि भूषण, नलनीश नील, शंखदीप और शौनक श्यामल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह कहानी भारत के अंदरूनी इलाकों में फैले अंधविश्वास और भटकी हुई आध्यात्मिकता को उजागर करती है।
निर्माता सुदीप्तो सेन ने बताया कि इस फिल्म का उद्देश्य भारतीय रहस्यवादी और तांत्रिक संसार को वैश्विक सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करना है। फिल्म में साधारण लोग रहस्यमय परिस्थितियों और नैतिक दुविधाओं से जूझते दिखाई देते हैं, जबकि पारंपरिक उत्सव का बैकग्राउंड यूनिवर्सल इमोशनल इम्पैक्ट भी देता है।
फिल्म का निर्देशन शिलादित्य मौलिक ने किया है और निर्माण सिपिंग टी स्टूडियोज ने सुदीप्तो सेन प्रोडक्शंस के सहयोग से किया है। फिल्म 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
