Monday, February 16

मैटरनिटी फोटोशूट की खुशियां मातम में बदलीं, स्टूडियो के कृत्रिम तालाब में डूबा 3 वर्षीय बच्चा

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मैटरनिटी फोटोशूट के दौरान एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की कृत्रिम तालाब में डूबकर मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब बच्चे की मां अपनी सहेली के मैटरनिटी फोटोशूट में व्यस्त थी। एक ओर गर्भवती महिला अपने आने वाले बच्चे की खुशियां कैमरे में कैद करा रही थी, वहीं दूसरी ओर उसकी सहेली की जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

This slideshow requires JavaScript.

मृतक बच्चे की पहचान लक्षवीर सी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। यह हादसा बेंगलुरु के मदनायकानहल्ली पुलिस थाना क्षेत्र के गिद्देनाहल्ली स्थित ‘द शायर फोटो स्टूडियो’ में हुआ, जो प्री-वेडिंग और मैटरनिटी फोटोशूट के लिए एक लोकप्रिय स्थान माना जाता है।

फोटोशूट में व्यस्त रही मां, खेलते-खेलते तालाब तक पहुंच गया बच्चा

पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। लक्षवीर अपनी मां स्वाति के साथ स्टूडियो गया था। स्वाति अपनी गर्भवती सहेली के साथ फोटोशूट के लिए वहां पहुंची थीं। फोटोशूट शुरू होते ही स्वाति शूट में व्यस्त हो गईं, जबकि मासूम बच्चा स्टूडियो परिसर में खेल रहा था।

जांचकर्ताओं का मानना है कि बच्चा खेलते-खेलते परिसर में बने किसी तालाब की ओर चला गया और गलती से उसमें गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

स्टूडियो परिसर में बने हैं तीन छोटे तालाब

पुलिस जांच में सामने आया है कि स्टूडियो परिसर में तीन छोटे कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं, जिनका उपयोग फोटोशूट के बैकग्राउंड के रूप में किया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा इन्हीं तालाबों में से किसी एक में गिर गया।

पुलिस ने बताया कि तालाब में दो फीट से अधिक पानी था। करीब तीन फीट लंबा लक्षवीर संभवतः तालाब में गिरते ही संतुलन खो बैठा और कीचड़ में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल पाया।

बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

जब स्वाति को बच्चा दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बच्चा तालाब में मिला। स्टूडियो कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पति अमेरिका में, सूचना मिलते ही लौट रहा

बताया गया है कि स्वाति के पति चरण राज, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, लगभग एक सप्ताह पहले काम के सिलसिले में अमेरिका गए थे। स्वाति ने उन्हें पहले ही शूट पर जाने की जानकारी दी थी और बच्चे को साथ लेकर गई थीं। घटना की सूचना मिलते ही चरण राज को अवगत करा दिया गया है और वे बेंगलुरु लौट रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया अप्राकृतिक मृत्यु का मामला

स्वाति के पिता रमेश बाबू की शिकायत पर मदनायकानहल्ली पुलिस थाने में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में फिलहाल स्टूडियो प्रबंधन पर सीधा आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिवार को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां स्वाति सदमे में हैं और उन्होंने बयान दर्ज कराने के लिए समय मांगा है। वहीं, बच्चे के दादा-दादी भी गहरे सदमे में हैं।

घटना ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने फोटोशूट स्टूडियो में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिसर में तालाब होने के बावजूद कोई सुरक्षा घेरा, चेतावनी बोर्ड या निगरानी व्यवस्था न होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या स्टूडियो प्रबंधन की लापरवाही भी इस हादसे की वजह बनी।

Leave a Reply