Thursday, February 12

भोपाल के ईरानी डेरे में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 400 जवानों ने की घेराबंदी

भोपाल। राजधानी भोपाल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ईरानी डेरे पर जोरदार प्रहार किया है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात भोपाल पुलिस ने करीब 400 जवानों के साथ अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे में सुनियोजित तरीके से छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने अपराधियों को घरों से खींचकर बाहर निकाला और मौके से 39 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस का मोस्टवांटेड अपराधी ‘शहादत’ भी शामिल है, जिस पर एक लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित बताया जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि ईरानी डेरे में लंबे समय से अलग-अलग जिलों और राज्यों के वांटेड अपराधी छिपकर रह रहे थे। यहां चोरी, लूट और अन्य गंभीर मामलों के आरोपी पनाह लेते थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने बेहद गोपनीय तरीके से पूरी योजना तैयार की और अचानक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

डीसीपी जोन-4 के नेतृत्व में चला ऑपरेशन

इस ऑपरेशन के लिए डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में 9 असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर, 16 इंस्पेक्टर और 400 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने निशातपुरा थाना क्षेत्र की अमन कॉलोनी को चारों तरफ से घेरकर कार्रवाई शुरू की।

स्थानीय विरोध के बावजूद पुलिस रही सख्त

छापेमारी के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। विरोध करने वाले कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।

31 पुरुष और 8 महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस ने इस कार्रवाई में 31 पुरुष और 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कई ऐसे हैं जो भोपाल के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी वांटेड थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

चोरी के वाहन, सोना-चांदी, नकदी और गांजा बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में चोरी का माल भी मिला है। पुलिस ने आरोपियों के पास से—

  • 17 चोरी की दोपहिया वाहन

  • 644 ग्राम सोना

  • 240 ग्राम चांदी

  • 39 मोबाइल फोन

  • 1.34 लाख रुपये नकद

  • 1.7 किलो गांजा

बरामद किया है।

सैकड़ों वारंट भी किए गए तामील

भोपाल पुलिस शहर में लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी। इसी अभियान के तहत ईरानी डेरे में दबिश दी गई। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान—

  • 238 परमानेंट वारंट

  • 125 अरेस्ट वारंट

  • 121 जमानती वारंट (बेलेबल वारंट)

भी तामील करवाए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने अन्य स्थानों से भी 21 अतिरिक्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फरार अपराधी, वाहन चोर और जिले के बाहर के बदमाश शामिल हैं। गंभीर अपराधों के लंबित मामलों में 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस का संदेश: अपराधियों के लिए भोपाल में कोई जगह नहीं

भोपाल पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply