
नई दिल्ली, 10 फरवरी: राजधानी दिल्ली में खुले गड्ढे और मैनहोल लगातार लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। रोहिणी सेक्टर 32 के महाशक्ति काली मंदिर के पास सोमवार देर रात एक युवक खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरजू कुमार (32), बिहार के समस्तीपुर निवासी के रूप में हुई है। वह दिल्ली में मजदूरी का काम करता था।
हादसे का विवरण
सूत्रों के अनुसार, बिरजू कुमार अपने दोस्त बुधन दास (33) के साथ शराब पीकर घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे के आसपास बिरजू अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर खुले सीवर में जा गिरा। नशे की हालत में होने के कारण बुधन दास तुरंत किसी को सूचना नहीं दे सका।
हादसे की जानकारी मंगलवार दोपहर को सामने आई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और डीडीए की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी टीम
दिल्ली पुलिस ने कहा कि युवक के गिरने का कारण खुले सीवर और उसके आसपास सुरक्षा की कमी थी। पुलिस ने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए मैनहोल और नाले के आसपास सुरक्षा उपायों को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
यह हादसा दिल्ली में खुले गड्ढों और मैनहोल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है और नागरिकों के लिए बड़ा खतरा बन गया है।
